नेहरु थे पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज के विरोधी, कांग्रेस ने हमेशा किया अपमान, भाजपा एमएलसी जीवन का जोरदार हमला

नेहरु थे पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज के विरोधी, कांग्रेस ने हमेशा

पटना. पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को हमेशा ही कांग्रेस ने ठगने का काम किया. जवाहरलाल नेहरु के समय से ही पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को आगे बढ़ाने से रोकने का षड्यंत्र रचा गया. कांग्रेस पर यह कथित आरोप शनिवार को भाजपा एमएलसी जीवन कुमार ने लगाए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पालीगंज दौरे के दौरान सभा को संबोधित करते हुए जीवन कुमार ने कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज की तरक्की, सम्मान और आरक्षण के राह में रोड़े अटकाने का आरोप कांग्रेस के शासनकाल पर लगाया. 

नेहरु ने अटकाए रोड़े : जीवन ने कहा कि जब देश आजाद हुआ उसी दौर में पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को आगे बढ़ाने के लिए विशेष रिपोर्ट आई. प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु ने उसे लागू नहीं होने दिया. जीवन ने दावा किया कि नेहरु ने देश के तमाम मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर कहा था अगर पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे तो इससे देश का सामाजिक सद्भाव बिगड़ेगा. राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि नेहरु की उन चिट्ठियों को राहुल को पढ़ना चाहिए. कैसे नेहरु ने पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज का अपमान किया, उसे देखें. 

भाजपा ने दिया आरक्षण : भाजपा को पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज का सबसे बड़ा हितैषी बताते हुए जीवन कुमार ने कहा कि हमेशा ही सम्मान देने का काम बीजेपी ने किया. वर्ष 1977 में पहली बार जनता पार्टी की सरकार बनी तो उसके बाद ही मंडल कमीशन लागू करने की सिफारिश आई. लेकिन वर्ष 1980 से दस वर्ष केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही और इसे दबाकर रखा. जब 1989 में भाजपा केंद्र में आई तब जाकर मंडल कमिशन की सिफारिश लागू हुई. पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को 27 फीसदी आरक्षण मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल कमीशन की लागू होने के बाद देश में जो बड़े पैमाने पर हिंसा हुई वह सब कांग्रेस के लोगों ने किया था. 

मोदी राज में संवैधानिक दर्जा : जीवन कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को देश के सच्चा पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज समर्थक बताया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनी तब ओबीसी को संवैधानिक दर्जा दिया गया. विश्वकर्मा समाज के लिए योजनाएं लाई गई. उन्होंने कहा कि पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज के हितों की रक्षा हमेशा ही पीएम मोदी ने की है. हेमशा ही पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को सम्मान दिया है. दूसरी ओर कांग्रेस ने हमेशा ही अपमान करने का काम किया है.