कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस ने मारी पलटी, गिरिराज बोले- पाकिस्तान का आखिरी सहारा राहुल गांधी

जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने को लेकर अब तक विरोध कर रहे राहुल गांधी ने अपने तेवर बदले हैं और इसे भारत का आंतरिक मामला बताया है। माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में 'लोगों के मारे जाने' के उनके बयान का पाकिस्तान की ओर से यूएन में जिक्र किए जाने से उनके रुख में यह बदलाव आया है। अब राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है और पाकिस्तान समेत किसी भी देश को इसमें दखल नहीं देना चाहिए। यही नहीं उन्होंने पाकिस्तान को जम्मू-कश्मीर में हिंसा का माहौल पैदा करने के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। वहीं इस मामले को लेकर बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान का आखिरी सहारा राहुल गांधी हैं।

राहुल गांधी ने पाकिस्तान द्वारा कश्मीर को लेकर संयुक्त राष्ट्र में दायर की गई याचिका में अपने ट्वीट और बयानों का उल्लेख करने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट कर पाकिस्तान को चेतावनी दी। उन्होंने लिखा, 'मैं इस सरकार से कई मामलों में असहमत हूं। लेकिन, मैं यह साफ कह देना चाहता हूं कि कश्मीर भारत का आंतरिक मुद्दा है और इसमें हस्तक्षेप करने के लिए पाकिस्तान या किसी अन्य विदेशी देश के लिए कोई जगह नहीं है। जम्मू-कश्मीर में हिंसा हुई है। क्योंकि यह पाकिस्तान द्वारा उकसाया और समर्थित है जिसे दुनिया भर में आतंकवाद का प्रमुख समर्थक माना जाता है। 

गिरिराज का पलटवार

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने यूएन में पाकिस्तान द्वारा लिखी गई चिट्ठी में राहुल गांधी के बयानों का उल्लेख होने पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा किहर जगह मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान का आखिरी सहारा राहुल गांधी और कांग्रेसी ही बची है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने भारत को बहुत जख्म दिए हैं।