महागठबंधन में आएंगे पप्पू यादव, मुकेश सहनी और चिराग पासवान ! लोकसभा सीटों के बंटवारे पर राजद –कांग्रेस की खास रणनीति

महागठबंधन में आएंगे पप्पू यादव, मुकेश सहनी और चिराग पासवान !

पटना. आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के दो प्रमुख साझेदार राजद और कांग्रेस के अगले सप्ताह की शुरुआत में एक बैठक आयोजित करने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि राज्य विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए महागठबंधन के उम्मीदवारों, राजद के चार और सीपीआई (एमएल) के एक उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद यह बैठक होगी। इसमें 40 लोकसभा वाले बिहार में राजद और कांग्रेस सहित वाम दलों के बीच कितने सीटों पर चुनाव लड़ा जाए इसकी चर्चा होगी. 

पार्टी नेताओं ने कहा, हमारे घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कुछ मामूली मुद्दे हैं। उदाहरण के लिए, कांग्रेस जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के नेता पप्पू यादव को मैदान में उतारना चाहती है, जिनकी पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य हैं। वहीं सूत्रों का कहना है कि राजद  इसके लिए तैयार नहीं हैं कि पप्पू यादव को लोकसभा चुनाव में इंडिया समर्थन करे.  एक अन्य नेता ने कहा कि मुकेश सहनी के नेतृत्व वाली विकासशील इंसान पार्टी को लेकर भी राजद और कांग्रेस में चर्चा है. मुकेश सहनी को इंडिया में शामिल करने से एक बड़े वर्ग के वोटों का झुकाव इस ओर हो सकता है. इसलिए मुकेश सहनी को अपने पाले में लाने की जुगत में राजद और कांग्रेस लगे हैं. 

साथ ही महागठबंधन एलजेपी (रामविलास) नेता चिराग पासवान के अपने कदम साफ करने का भी इंतजार कर रहा है. अभी तक चिराग पासवान को लेकर एनडीए में कुछ भी तय नहीं हुआ है. कहा जा रहा है कि चिराग ने जितनी सीटों की मांग एनडीए में रखी है उसके लिए भाजपा और जदयू तैयार नहीं है. इस स्थिति में पासवान जाति के बड़े वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखने वाले चिराग को अपने पाले में कर राजद और कांग्रेस महागठबंधन के वोटों का प्रतिशत बढ़ाना चाहते हैं. साथ ही चिराग के साथ आने से यह एनडीए में एक टूट का ही सूचक बनेगा. 

दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव में राजद ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था, कांग्रेस ने नौ, उपेन्द्र कुशवाह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक संपता पार्टी (आरएलएसपी) ने पांच, जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एस) ने तीन, सहनी के नेतृत्व वाली वीआईपी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं सीपीआई (एमएल) ने एक सीट पर चुनाव लड़ा था. हालांकि इस बार आरएलएसपी और हम (एस) एनडीए के साथ हैं. ऐसे में महागठबंधन को अपने कुनबे में राजद, कांग्रेस, वामदलों के साथ ही नए साथियों में पप्पू यादव, मुकेश सहनी और चिराग पासवान को जोड़ने की योजना है. ऐसे में अगले सप्ताह होने वाली बैठक में पप्पू यादव, मुकेश सहनी और चिराग पासवान को साथ लेने और सीटों के बंटवारे पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे.