KAIMUR : कैमूर पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हथियार तस्कर उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत बैरिया थाना के ग्राम इब्राहिमाबाद के स्वर्गीय रामायण साहनी का पुत्र संजय कुमार साहनी बताया गया है। जिसके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा , एक देसी पिस्टल , 9 कारतूस , तीन वॉकी टॉकी एवं एक चाकू बरामद किया है।
इस मामले में भभुआ एसडीपीओ शिव शंकर कुमार ने प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि भगवानपुर – अधौरा पथ पर एएसआई श्वेता कुमारी द्वारा वाहन चेकिंग किया जा रहा था। तभी अधौरा की तरफ से एक स्प्लेंडर बाइक को पुलिस ने जब रुकवाने की कोशिश की। तब स्प्लेंडर सवार व्यक्ति अपनी बाइक लेकर भागने लगा। स्प्लेंडर बाइक पर 2 व्यक्ति सवार थे। जो पीछे बैठा था वह पुलिस के साथ हाथापाई करने लगा। जिस कारण मौका मिलते ही स्प्लेंडर चालक बाइक लेकर भागने में सफल रहा और दूसरा व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जब हाथापाई करने वाले व्यक्ति को पुलिस के द्वारा चेकिंग किया गया तो उसके पास से एक बैग में एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल , 9 जिंदा कारतूस,तीन वॉकी टॉकी एवं एक चाकू मिला। जिसने पूछताछ में अपना नाम संजय कुमार साहनी बताया। वही एसडीपीओ ने आगे बताया कि अंतर राज्य हथियार तस्कर संजय कुमार साहनी ने बताया कि वह पिछले कुछ ही दिनों से उत्तर प्रदेश से हथियार लेकर अधौरा थाना क्षेत्र में बेच रहा है।
अधौरा थाना क्षेत्र में नेटवर्क कमजोर रहने के कारण , लोगों को लाइन अप करने के लिए और पुलिस से बचने के लिए ये लोग वाकी टाकी का इस्तेमाल करते हैं। चेकिंग के दौरान बाइक चला रहे व्यक्ति का नाम प्रकाश राज बताया जा रहा है जो संजय कुमार साहनी के साथ उस दिन बाइक चला रहा था। जिसकी पुलिस गहनता से तलाश कर रही है।
कैमूर से देवब्रत की रिपोर्ट