राजद-कांग्रेस विधायकों ने ही सदन में नीतीश सरकार को घेर लिया, पुलिस पर गंभीर सवाल, मंत्री ने दिया यह जवाब
PATNA: बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने ही नीतीश सरकार को घेर लिया. मुख्यमंत्री के विभाग से जुड़े सवालों पर राजद-कांग्रेस व वामपंथी विधायक मैदान में उतर गए। दरअसल, मामला पुलिस से जुड़ा था. राजद विधायक भाई वीरेन्द्र ने कहा कि थाने में आवेदन देने के बाद भी केस दर्ज नहीं होता है. आवेदन देने के बाद चढ़ावा का इतजार होता है या फिर पॉलिटिकल दबाव का, जब तक प्रेशर नहीं बनता है तब तक केस दर्ज नहीं होता. पुलिस के कुछ अधिकारी हैं जो सरकार को बदनाम कर रहे. वैसे लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
कांग्रेस विधायक विजय शंकर दूबे ने भी सदन में कहा कि आज अजीब स्थिति हो गई है. थाने हाजत में कई दिनों तक बंद कर रखा जाता है. 3-4 दिनों के बाद कोर्ट में पेश किया जाता है, जबकि 24 घंटे के अंदर कोर्ट में पेश किया जाना है। राजद विधायक प्रह्लाद यादव ने कहा कि जब सबकुछ कोर्ट ही करेगी तब फिर थाना किस लिए है, थाने पर सरकार का पैसा खर्च होता है. थाना में अगर केस नहीं होगा तो फिर पुलिस थाना किस काम का ?
सत्ता पक्ष के विधायकों के सवालों से सरकार घिर गई। इसके बाद प्रभारी मंत्री विजेन्द्र यादव ने सदन में बताया कि इसको लेकर एसपी को आवश्यक निर्देश दिया जायेगा। पुलिस से जुड़े सवाल के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में मौजूद नहीं थे.