Bhagalpur Railway:भागलपुर रेल मंडल में सुरक्षा की नई शुरुआत, जमालपुर लोको शेड में पहली बार इंजन में लगा स्वदेशी कवच सिस्टम

Bhagalpur Railway: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने जमालपुर लोको शेड में पहली बार लोकोमोटिव संख्या 27851 में स्वदेशी कवच सिस्टम लगाया। योजना के तहत 59 इंजनों में चरणबद्ध इंस्टॉलेशन होगा।

 Bhagalpur Railway

 Bhagalpur Railway: भागलपुर रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने और स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में 20 नवंबर को जमालपुर लोको शेड में पहली बार लोकोमोटिव संख्या 27851 में स्वदेशी ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) प्रणाली का सफल इंस्टॉलेशन किया गया।


यह कार्य वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल), जमालपुर के. के. दास की देखरेख में संपन्न हुआ। इंस्टॉलेशन में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (एसएसई) राकेश कुमार और कनिष्ठ अभियंता (जेई) मनोरंजन कुमार ने तकनीकी दक्षता और समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


क्या है कवच प्रणाली और कैसे करेगी काम?


कवच भारत में विकसित स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। इसका उद्देश्य रेल परिचालन के दौरान मानवीय त्रुटियों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना है। निर्धारित सुरक्षा मानकों के उल्लंघन अथवा आवश्यक परिस्थितियों में यह प्रणाली लोको पायलट को स्वचालित ब्रेकिंग सहायता प्रदान करती है। साथ ही ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में भी मदद करती है।


59 इंजनों में चरणबद्ध तरीके से होगा इंस्टॉलेशन


मालदा मंडल की इस योजना के तहत जमालपुर लोको शेड के कुल 59 लोकोमोटिव में चरणबद्ध तरीके से कवच प्रणाली स्थापित की जाएगी। पूर्व रेलवे के आसनसोल और हावड़ा मंडलों में यह प्रणाली पहले से चालू है। जमालपुर लोको शेड में पहली बार इंस्टॉलेशन के साथ मालदा मंडल ने भी इस आधुनिक सुरक्षा तकनीक को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में मालदा मंडल के अंतर्गत परिचालित होने वाली ट्रेनों में भी कवच प्रणाली को क्रमिक रूप से लागू किया जाएगा। रेलवे की इस पहल से रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

Bhagalpur से balmukund kumar