भागलपुर में भगवा क्रांति ने निकाली शोभायात्रा, पूरा शहर हुआ केसरियामय, 14 फीट के श्री राम रहे आकर्षण का केंद्र

BHAGALPUR. भागलपुर में रामनवमी को लेकर भगवा क्रांति की ओर से बुधवार को घंटाघर चौक से पूरे शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिससे पूरा शहर केसरियामय और राममय हो गया। इस भव्य शोभायात्रा में शहर के हजारों रामभक्त शामिल थे। सभी के कंधों पर केसरिया दुपट्टा अत्यधिक शोभनीय था। पूरा शहर जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान था। वहीं भगवा क्रांति द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा बेहद आकर्षक रही।

 झांकी का मुख्य आकर्षण विराट चौदह फीट के श्रीराम की भव्य प्रतिमा थी। साथ ही बाहुबली वीर हनुमान, रथ पर सवार राम सीता लक्ष्मण की झांकी सभी के मन को मोहित कर रही थी। वहीं कई कलाकार भारत माता, भगवान कृष्ण, काली माता, महादेव और कुछ राक्षस के किरदार में झाकिंयों की शोभा बढ़ा रहे थे।साथ ही विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति भी दी।

झारखंड से आई छऊ नृत्य के कलाकारों का जत्था, नासिक का ढोल, संथाली बैंड और भागलपुरी बैंड पर लोग जमकर थिरकते नजर आए। शोभा यात्रा को लेकर प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सीआईटी की टीम, बज्रा दल, विभिन्न थानों के महिला-पुरुष पुलिस तैनात किए गए थे। सूरक्षा की मॉनिटरिंग खुद सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी और सर्जेंट मेजर केके शर्मा कर रहे थे। 

वहीं शहर के कई रूटों में फेरबदल भी किया गया था। जिससे शोभा यात्रा के दौरान लोगों को आने जाने में किसी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े। झांकी घंटाघर चौक से निकलकर खलीफाबाग चौक कोतवाली चौक स्टेशन चौक होते हुए पूरे शहर का भ्रमण किया। 

भव्य शोभायात्रा के दौरान भगवा क्रांति के जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार उर्फ बिशु मंडल, समाजसेवी कुणाल सिंह, संरक्षक निरंजन शाह, शुभम साह, किशन साह, विशाल कुमार, अमित मिश्रा, गोपी आनंद, मोहित, विकास, विष्णु यादव, राज आनंद के अलावे सैकड़ों राम भक्त शामिल थे।