बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सासाराम पहुंचे सम्राट चौधरी, कहा ऐतिहसिक होगा सम्राट अशोक जयंती समारोह

SASARAM. बिहार बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार सासाराम पार्टी ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने जिले भर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वहीं मौके पर मौजूद कार्यकर्ता, नेता, जिला के विधान पार्षद, विधायक और संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

मौके पर मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि इस दायित्व के लिए शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद देता हूं। और सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि काम करने वाले सभी सक्रिय कार्यकर्ता, नेता जो पार्टी और देश हित में दिन रात लगे रहते हैं उन्हें बराबरी का सम्मान मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी में पन्ना प्रमुख, बूथ स्तर की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वालों की रूप रेखा तैयार की जाएगी। जिसके बाद पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। बिहार में जिन जिन लोगों ने राज किया सभी को भाजपा ने आगे बढ़ाया। खुद को पीछा कर भाजपा ने दूसरे को सत्ता की कुर्सी पर बिठाया। जब जब पिछड़ों के हक की बात हुई, भाजपा ने उस विधेयक को लाया जिससे पिछड़ों को लाभ मिला। फिर चाहे वह मंडल कमीशन की बात हो या फिर STSC कानून की या गरीब सवर्णों के हक में आरक्षण की व्यव्स्था करने की हो।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लालू यादव और नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार में पिछड़े वर्गों के अधिकार का बंदरबाट किया। लेकिन भाजपा ने सभी के साथ न्याय करने का जिम्मा उठाया है। वहीं सम्राट ने सवालिया लहजे में कहा कि 2001 में हुए पंचायत चुनाव में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की पार्टी ने पिछड़ों के लिए क्या किया, आरक्षण की कितनी व्यवस्था की ?

अध्यक्ष ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार  को अब बिहार से कोई मतलब नहीं है उन्हें सिर्फ और सिर्फ अपने से मतलब है। नल जल की योजना के लिए मोदी सरकार ने 500 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था। लेकिन पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर सीएम  ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। 6 महीना के बाद राज्य में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो जायेगी। इस दौरान भाजपा के सभी कार्यकर्ता लालू - नीतीश की पार्टी को शून्य पर समेटने का काम करेंगे।

बता दें कि  2 अप्रैल को सासाराम के रेलवे मैदान में आयोजित सम्राट अशोक के जयंती समारोह को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया। साथ ही जिला मुख्यालय के मंगलम होटल में आयोजित मुखिया संघ की बैठक में मौजूद जिला के सभी मुखिया और मुखिया प्रतिनिधियों को भी सासाराम के रेलवे मैदान में आने का न्योता देते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह  के आने से सम्राट अशोक की जयंती को मानने वालों को नई ऊर्जा मिलेगी।