PATNA : बिहार की पूर्व सीएम और आरजेडी नेता राबड़ी देवी द्वारा पीएम मोदी को जल्लाद कहने पर बिहार में सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने राबड़ी देवी के बयान पर एमएलसी और बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया कन्वीनर संजय मयूख ने पलटवार किया है। संजय मयूख ने कहा कि हार की हताशा में लालू परिवार बौखला गया है। प्रधानमंत्री को जल्लाद कह देना यह बहुत ही आपत्तिजनक है। इसकी घोर निंदा करता हूं। प्रधानमंत्री का पद सम्मानित होता है।
संजय मयूख ने कहा कि हारने वाले लोग अनाप-शनाप बोलते हैं और आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते हैं। जिनका जैसा संस्कार होता है वो वैसे ही शब्दों का इस्तेमाल भी करते हैं। थोड़ा सा अपने और अपने पति के कार्यकाल को याद कर लें। बिहार में कैसे नरसंहार का दौर चलता था। विधि-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं होती थी। आराजकता के प्रतीक लालू राबड़ी के शासनकाल में बिहार सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बदनाम हुआ। भ्रष्टाचार के बल पर संपत्ति सृजन करने वाले परिवार को दूसरे पर उपदेश देना शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी जल्लाद कह रही हैं, लेकिन बिहार की और देश की जनता नरेंद्र मोदी को मसीहा मान रही है।
बता दें कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने सारी मर्यादाएं लांघते हुए उन्हें जल्लाद तक कह दिया है।राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना साधते हुए उन्हें भी जल्लाद कहा। साथ हीबीजेपीऔर जेडीयू को गंदी नाली और बाथरूम का कीड़ा तक बता दिया।