एक ओवर में सात छक्कों के साथ बना दिए 43 रन, भारत के इस बल्लेबाज ने बना दिया बड़ा विश्व रिकॉर्ड

DESK : 6,6,6,6,6,6,6। यह किसी मोबाइल के नंबर का हिस्सा नहीं है, बल्कि एक ओवर में बनाए गए रन हैं। जो कि सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच खेले गए मैच में बने। महाराष्ट्र के कप्तान व युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड ने यह अनोखा कारनामा करते हुए नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। वे लिमिटेड ओवर क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस ओवर में कुल 43 रन बने। जो कि आज तक कभी नहीं बना।

पारी में गायकवाड ने खेली 220 रन की पारी

गायकवाड ने यह कारनामा महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर में किया। शिवा सिंह के इस ओवर में एक गेंद नो बॉल थी। इस तरह यह ओवर सात गेंदों का हुआ और गायकवाड ने सभी सात गेंदों पर छक्के जमा दिए। गायकवाड ने इस पारी में 159 गेंदों पर 220 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 16 छक्के जमाए।

गायकवाड की इस पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 330 रन बनाए। गायकवाड ने इस पारी में ओपनिंग की थी। उनके अलावा महाराष्ट्र का कोई अन्य बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं जमा सका। अंकित बावने और अजीम काजी ने 37-37 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश के लिए तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 66 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।

दूसरी बार एक ओवर में 43 रन
 लिस्ट ए क्रिकेट में यह अब तक का दूसरा मौका है जब एक ओवर में 43 रन बने हैं। इससे पहले 2018-19 में न्यूजीलैंड की डोमेस्टिक क्रिकेट में ऐसा हुआ था। तब सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के गेंदबाज विलेम लुडिक ने एक ओवर में 43 रन दिए थे। उस ओवर में लुडिक ने दो नो-बॉल फेंकी थी और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट के दो बल्लेबाजों जो कार्टर और ब्रेट हैम्पटन ने मिलकर 6 छक्के जमाए थे। उस ओवर में 1 चौका और 1 सिंगल भी बना था।