बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बिहार को स्टेट हाइवे की सौगातः 4 बड़े प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे सीएम नीतीश कुमार, इन जिले को लोगों को मिलेगी सुविधा

बिहार को स्टेट हाइवे की सौगातः 4 बड़े प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे सीएम नीतीश कुमार, इन जिले को लोगों को मिलेगी सुविधा

PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को आज बड़ी सौगात देने वाले हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री 4 बड़े स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट का लोकार्पण करने वाले हैं। इससे कई जिलों और सुदूरवर्ती प्रखंड के लोगों को आने जाने में काफी सहूलियत हो जाएगी। 

किसी भी शहर, जिले या राज्य के विकास के लिए यातायात व्यवस्था को सुगम होना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, जिससे एक जगह से दूसरी जगह आने जाने में कम से कम वक्त लगे। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कई बार कह चुके हैं कि बिहार में इस तरह से सड़कों का जाल बिछाया जाएगा कि किसी भी जिले से राजधानी पटना आने में 5 घंटे से ज्यादा का वक्त ना लगे। इसी योजना को धरातल पर लाते हुए 4 स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया जाना है।

  • पहली सड़क बिहिया-जगदीशपुर पीरो-बिहटा राज्य उच्च पथ संख्या-102  है, जो भोजपुर जिले में है। पटना बक्सर 4-लेन सड़क से सोन नदी के पश्चिमी किनारे आकर दनवार बिहटा में मिलता है, जहां से नासरीगंज दाउदनगर पुल के माध्यम से मगध प्रमंडल क्षेत्र की संपर्कता स्थापित होती है। 54.519 किमी लंबी इस सड़क की लागत 504.208 करोड़ है। इसे दो लेन में 10 मीटर चौड़ा बनाया गया है। इस सड़क में आरा-सासाराम  रेल लाईन पर पीरो में एक आरओबी का निर्माण हुआ है। 
  • दूसरी सड़क अमरपुर-अकबरनगर एसएच 85 है। यह सड़क भागलपुर, मुंगेर और बांका जिलों की यातायात में अत्यधिक सहायक सिद्ध होगी। 10 मीटर चौड़े इस दो लेन सड़क की कुल लंबाई 29.3 किमी तो लागत 220.719 करोड़ आई है। अकबरनगर के पास में सुल्तानगंज से अगुआनी घाट पर नया गंगापुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उसके बन जाने के बाद इस सड़क के माध्यम से उत्तर बिहार की सुगम संपर्कता स्थापित हो सकेगी।
  • तीसरी सड़क घोघा-पंजवारा एसएच 84 है। भागलपुर एवं बांका के लिए अत्यंत उपयोगी इस राज्य उच्च पथ का निर्माण 332 करोड़ से हुआ है। इसकी लंबाई 41.11 किमी है। इसके बन जाने से यह भागलपुर शहर के बाहरी बाईपास की तरह भी काम करेगा जिससे संथालपरगना क्षेत्र से पत्थर लदे ट्रकों के आवागमन में व्यापक सहूलियत होगी। इस पथ में घोघा बाजार में एक रेल ऊपरी पुल का निर्माण किया जा रहा है जो एक जनवरी 22 तक कर लिया जायेगा।
  • चौथी सड़क बिहारीगंज बाईपास- उदाकिशुनगंज मधेपुरा एवं सुपौल जिलों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उदाकिशुनगंज-वीरपुर एसएच 91 के तहत बिहारीगंज बाईपास का निर्माण कार्य भू-अर्जन में बिलंब के फलस्वरूप देरी से हुआ है। अब 4.55 किमी लंबे इस बाईपास का निर्माण पूरा कर लिया गया है। उदाकिशुनगंज से भटगामा होते हुए विजयघाट पुल के माध्यम से नवगछिया तक की संपर्कता सुनिश्चित करने को एसएच-58 का 10 मीटर चौड़ीकरण अक्टूबर में पूरा हो जाएगा। इसके बाद पूर्वी बिहार एवं झारखंड से कोसी प्रमंडल होते हुए संपूर्ण उत्तर बिहार एवं नेपाल सीमा तक की निर्बाध एवं सर्वमौसमी संपर्कता सुनिश्चित हो सकेगी।

आज होने वाले इस लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद सहित केंद्रीय मंत्री राज कुमार सिंह मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन करेंगे। इसके अलावा विभिन्न जिलों के सांसद और विधायक भी वर्चुअली जुड़े रहेंगे।

Suggested News