सुशील मोदी की नीतीश सरकार से अपील : लालू यादव के बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजने की करें व्यवस्था

पटना. राजद सुप्रीमो लालू यादव पटना के पारस अस्पताल में भर्ती है। रविवार को वे राबड़ी आवास पर अपने कमरे में जाने के दौरान सीढ़ी से गिर गये थे। इसमें उनके दहिने कंधे की हड्डी टूट गयी है और कमर में भी चोट लगी है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने लालू के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद जल्द ठीक होकर घर लौटें। साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से लालू को बेहतर इलाज के लिए तुरंत दिल्ली भेजने की भी अपील की।


सुशील मोदी ने ट्वीट करते हुए का, 'ईश्वर से प्रार्थना है कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद जल्द ठीक हो कर घर लौटें। राज्य सरकार को उनके स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए और यदि आवश्यक हो, तो बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए।'

उन्होंने कहा, 'दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और वंचितों की पार्टी होने का दावा करने वाला राष्ट्रीय जनता दल जब 26 वां स्थापना दिवस मना रहा है, तब उसे आदिवासी महिला और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के लिए कुछ बड़ा दिल दिखाना चाहिए। राजद को केवल विरोध के लिए विरोध की नीति त्याग कर राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी श्रीमती मुर्मू के समर्थन में आना चाहिए।' 

उन्होंने कहा, 'सन् 2000 में लालू प्रसाद ने कहा था कि अगर पृथक झारखंड राज्य बना, तो यह उनकी लाश पर बनेगा। बाद में राजनीतिक मजबूरी में उन्होंने बिहार के पुनर्गठन का विधेयक पारित कराया। 21 साल बाद फिर एक अवसर है, जब लालू प्रसाद को राष्ट्रपति के चुनाव में आदिवासी महिला मुर्मू का विरोध करने की नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।'