बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सुशील मोदी बोले- मंत्री सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री को सीधी दी चुनौती, इन्हें हटाने की सीएम नीतीश में हिम्मत नहीं

सुशील मोदी बोले- मंत्री सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री को सीधी दी चुनौती, इन्हें हटाने की सीएम नीतीश में हिम्मत नहीं

पटना. मंत्री सुधाकर सिंह को लेकर बिहार में राजनीति शुरू हो गयी है। उनके बयान पर भाजपा सांसद सुशील मोदी ने नीतीश सरकार को कटघरे में खड़ा कर  दिया है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार में हिम्मत नहीं है कि वे मंत्री सुधाकर सिंह को अपने मंत्रिमंडल से निकाल पाए।

सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कृषि विभाग में भ्रष्टाचार पर मंत्री सुधाकर सिंह का खुद को चोरों का सरदार बताने वाला बयान सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती है। उन्होंने कहा कि राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद के बेटे सुधाकर सिंह ने कैबिनेट की बैठक में उनकी बात नहीं सुने जाने पर अपनी नाराजगी में भी मुख्यमंत्री को निशाना बनाया, लेकिन नीतीश कुमार की हिम्मत नहीं कि उन्हें पद से हटा दें।

सुशील मोदी ने कहा कि जदयू विधायक बीमा भारती, मंत्री लेसी सिंह पर खुल कर आरोप लगा रही हैं। कृषि मंत्री लोगों से सड़क पर उतरने की अपील कर रहे हैं! नीतीश कुमार बतायें, क्या यही जनता राज है? मोदी ने कहा कि महागठबंधन सरकार के मंत्री मुख्यमंत्री पर और महिला विधायक मंत्री पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।  कोई पीछे हटने को भी तैयार नहीं, बल्कि मंत्री लेसी सिंह को ही नरम रुख अपनाना पड़ा।

भाजपा सांसद ने कहा कि अरुणाचल और मणिपुर के बाद दमन-दीव में जद-यू को बड़ा झटका लगा और बिहार में एक पार्टी प्रवक्ता ने इस्तीफा दे दिया। सरकार और पार्टी, दोनों पर नीतीश कुमार की पकड़ ढीली पड़ गई। अब वे किसी से बिंदुवार जवाब मांगने की हैसियत में नही हैं।

दरअसल, बिहार के मंत्री सुधाकर सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दावा किया जा रहा है कि वे कह रहे हैं, 'हमारे विभाग में कई चोर लोग हैं और हम उन चोरों के सरदार हैं, हमारे ऊपर भी और कई सरदार मौजूद हैं। ये वही पुरानी सरकार है। इसके चाल चलन पुराने हैं। हम लोग तो कहीं कहीं हैं, लेकिन जनता को लगातार सरकार को आगाह करना होगा।'


Suggested News