नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद पहली बार हमलावर हुए तेजस्वी, खुला ऐलान - 'नीतीश बाबू! अभी असली खेल बाकी है

नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद पहली बार हमलावर हुए तेजस्

पटना. बिहार में महागठबंधन सरकार गिरने के बाद पहली बार पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार को बड़ा बयान दिया.नीतीश कुमार के इस्तीफा देने और एनडीए के साथ मिलकर नई सरकार गठन पर तेजस्वी ने जोरदार हमला बोला. लालू यादव के बेटे और राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने जो काम किया है उसका श्रेय हम क्यों न लें? बिना नीतीश कुमार का नाम लिए उन्होंने कहा कि जो सीएम (नीतीश) कहते थे कि नौकरी देना असंभव है उनके साथ मिलकर ही हमने नौकरियां दीं और यह दिखाया कि देखिये नौकरी देना संभव है.

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में हम 17 महीने सरकार में रहे. इन 17 महीनों में हमने कई नई नीतियां लाई जिसका बड़ा लाभ बिहार को मिलेगा. हमने  पर्यटन, आईटी और खेल में नीतियां लाई. जो काम पिछले 17 महीने में हुआ वह 17 साल (बीजेपी-जेडीयू शासन) में नहीं हो सका। हमने 17 महीने में ऐतिहासिक काम किया. इसलिए इन कामों का क्रेडिट लेना कोई गलत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा अभी तो खेल शुरू हुआ है. नीतीश कुमार के एनडीए में जाने पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि खेल तो अभी बाकी है. हम जनता के साथ खड़े हैं. अब असली खेल होगा. 

गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने रविवार सुबह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राजद पर हमला बोला. उन्होंने राजद के नेताओं पर बिन काम के ही काम का क्रेडिट लेने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके साथ काम करना मुश्किल हो गया था.इसलिए पार्टी नेताओं की राय से हमने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है. साथ ही नीतीश कुमार को इस्तीफा देने के तुरंत बाद एनडीए के विधायक दल का नेता चुन लिया गया. वे अब 8 अन्य लोगों के साथ एनडीए नेता के तौर पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके पहले ही तेजस्वी ने अब उन पर हमला बोला है.