बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पत्नी को मायके भेजकर दूसरी शादी करने की तैयारी में था ‘तेजस्वी’, अचानक आ गई पत्नी ... फिर तो

पत्नी को मायके भेजकर दूसरी शादी करने की तैयारी में था ‘तेजस्वी’, अचानक आ गई पत्नी ... फिर तो

औरंगाबाद. पत्नी को मायके भेजकर दूसरी शादी रचाने की तैयारी में लगे शख्स के पूरे रंग में उस समय भंग पड़ गया जब उसकी पत्नी अचानक से ससुराल में आ धमकी. फिर से तो दूल्हा बने पति को देखते ही हंगामा मच गया और हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया. यह मामला औरंगाबाद में सामने आया. यहां तेजस्वी नाम का शख्स अपनी पत्नी को मायके भेजकर दूसरी शादी करने जा रहा था। लेकिन इसकी भनक पत्नी को लग गई। वह बारात निकलने से पहले ससुराल आ धमकी. पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया .यह देख पति घर के भीतर दुबक गया और ससुरालवालों ने घर के सभी दरवाजे बंद कर लिए। घर में एंट्री न पाकर बहू दरवाजे के बाहर धरने पर बैठ गई। इस हाईवोल्टेड ड्रामे की भनक पाकर पुलिस भी पहुंची है। लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अब पुलिस कार्रवाई करने के मूड में है।

औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड में अंबा थाना के परता गांव में डिंपल की शादी एक मार्च 2020 को गोपाल पांडेय के पुत्र तेजस्वी के साथ हुई थी। डिंपल ने बताया कि शादी के कुछ दिनों तक तो सबकुछ ठीक था। लेकिन उसके बाद विवाद शुरू हो गया। ससुराल वाले भी प्रताड़ित करने लगे। हाल ही में डिंपल को उसके पति तेजस्वी ने उसके मायके हसपुरा थाना क्षेत्र के तिलकपुरा भेज दिया। इस बीच उसने अपनी दूसरी शादी तय कर ली।

हालांकि इस बात की भनक डिंपल को लग गई। वह मायकेवालों को साथ लेकर अपने ससुराल आ धमकी। विवाहिता ने वहां जमकर बवाल काटा। बवाल से तेजस्वी का दूसरी शादी रचाने का अरमान फुस्स हो गया। वह घर से शादी करने के लिए नहीं निकल सका। ससुराल वालों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। विवाहिता को घर में घुसने से रोक दिया। इसके बाद विवाहिता डिंपल अपने पिता जय गोविंद शर्मा, चाचा संतोष शर्मा और गणेश शर्मा के साथ घर के बाहर ही आसन जमा कर बैठ गयी। 

परता पंचायत की मुखिया के प्रतिनिधि देवेन्द्र सिंह ने विवाहिता को घर में रखने के लिए घरवालों से बात की, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद डिंपल ने एसपी को फोन किया. औरंगाबाद की एसपी स्वपना गौतम मेश्राम को इसकी जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर अम्बा थानाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सिमरन राज के साथ गांव पहुंचे और ससुराल वालों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद ससुराल वालों ने घर का दरवाजा नहीं खोला।

इसके बाद पुलिस विवाहिता व परिजनों को लेकर अम्बा आई। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए उन्हे औरंगाबाद महिला थाना भेज दिया। पीड़िता ने महिला थाना में ससुराल में खुद को रखे जाने की मांग करते हुए आवेदन दिया है। महिला थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। महिला थानाध्यक्ष कुमकुम कुमारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। अम्बा थाना की पुलिस के पहल से शादी रुक गई है। विवाहिता को महिला थाना की पुलिस उसके ससुराल पहुंचाएंगी। ससुराल वालों के नही मानने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी।


Suggested News