जनहित में जारी! कृपया आप सावधानीपूर्वक घर से बाहर निकलिए, सरकार ने उम्मीद न रखें, बिहार के लोगों को तेजस्वी का संदेश

PATNA. जनहित में जारी, कृपया आप सावधानीपूर्वक घर से बाहर निकलिए। बिहार की अनैतिक असमर्थ सरकार में विधि व्यवस्था समाप्त है। सत्ता संरक्षित अपराधी कभी भी कहीं भी तांडव कर, किसी को भी लूट, अपहरण कर, गोली मार देते है। बलात्कारी सरेआम माँ, बहन, बेटियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर रहे हैं।

                                                                                                                                                                                                    तेजस्वी यादव

यह संदेश है बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बिहार के लोगों के लिए। बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी से बिहार संभल नहीं रहा। अधिकारी उनकी सुन नहीं रहे क्योंकि RCP टैक्स योजना के तहत उनका पदस्थापन होता है। अधिकारी जनप्रतिनिधियों का फ़ोन नहीं उठाते। भ्रष्टाचार चरम पर है और कुर्सीवादी सिद्धांतहीन जोड़-तोड़ की सरकार अपना-अपना हिस्सा बाँट गहरी निंद्रा में है। ऐसे में आप अपनी सुरक्षा खुद कर लिजिए। घर से निकलने के दौरान सावधान रहें, क्या पता घर के बाहर ही आपकी हत्या कर दी जाए। क्योंकि यह नीतीश कुमार की पुलिस है। इनसे सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है।

पुलिस का बचाव कर रहे नीतीश

बिहार में लगातार हो रहे अपराध को लेकर तेजस्वी लगातार नीतीश सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब भी अपराध के ग्राफ को बिहार में रैंकिंग की दुहाई देते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को नीतीश कुमार ने कहा कि कोई भी अपराधी पहले से बताकर किसी घटना को अंजाम नहीं देता है, वह परमिशन नहीं लेता है। पुलिस बेहतर काम कर रही है, उन्हें हतोत्साहित नहीं किया जाए।