जम्मू कश्मीर में चुनाव की आहटें तेज, तैयारियों का जायजा लेने इस दिन जाएगा इलेक्शन कमीशन...

जम्मू कश्मीर में चुनाव की आहटें तेज, तैयारियों का जायजा लेने

DESK: जम्मू कश्मीर में चुनाव की आहटें तेज हो गई है। जल्द ही चुनाव का ऐलान होने वाला है। जम्मू कश्मीर में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए इलेक्शन कमीशन दौरे पर जाने वाला है। चुनाव आयोग अगले हफ्ते जम्मू कश्मीर का दौरा करेगा। यह दौरा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में होगा। 

जानकारी अनुसार मुख्य आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में 8-10 अगस्त तक होगा। इस दौरान उनके साथ चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसएस संधू भी होंगे। बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने के लिए 30 सितंबर तक की समयसीमा तय की है। वहीं अब केंद्रशासित प्रदेश में अब जल्द ही विधानसभा चुनाव कराया जाएगा। 

बता दें कि, लोकसभा चुनाव में जम्मू कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान हुआ था। जिसकी सराहना मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि, यह सक्रिय भागीदारी जल्द ही होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एक बहुत बड़ी सकारात्मक बात है, ताकि केंद्र शासित प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया जारी रहे।

सूत्रों की माने तो, श्रीनगर में आयोग सबसे पहले राजनीतिक दलों से मुलाकात कर सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी और केंद्रीय बलों के समन्वयक के साथ समीक्षा की जाएगी। आयोग सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ-साथ मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ तैयारियों की समीक्षा भी करेगा। आयोग दस अगस्त को कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक के लिए जम्मू का दौरा करेगा।

मालूम हो कि, 2019 में संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किये जाने और तत्कालीन राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद से पहला विधानसभा चुनाव होगा। 90 विधानसभा सीटों पर विधानसभा का चुनाव होगा।