बगहा में खेत में काम कर रही महिला पर बाघ ने किया हमला, अस्पताल में चल रहा है इलाज

BAGAHA : सीमावर्ती नेपाल के रेवा गांव में आज सुबह केले की खेत में बाघ ने एक महिला पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। नेपाल के त्रिवेणी सुस्ता गांव पालिका के वार्ड नंबर 7 निवासी 50 वर्षीय महिला माया योगी पर बाघ ने उस वक्त हमला कर दिया, जब वह अपने केले के खेत में गई थी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए तो बाघ भाग गया। स्थानीय ग्रामीण विश्व मर्दन शाह ने बताया कि महिला पर बाघ के द्वारा हमला हुआ है। जिसका उपचार जारी है। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। इस घटना के बाद लोग खेतों की ओर झुंड बना कर जाने लगे हैं।
वहीँ बगहा एक प्रखंड के टेसरहिया बथवरिया पंचायत वार्ड संख्या 16 बथवरिया हरिजन टोला गाँव मे रविवार की दोपहर गड्ढा में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गयी हैं। मृत बच्ची बथवरिया हरिजन टोला गाँव निवासी नन्दकिशोर साह की पुत्री आँचल कुमारी बताई गई है। घटना की खबर सुनते ही गाँव मे कोहराम मच गया। घर वालों का रो रो कर बुरा हाल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता नन्दकिशोर साह बाहर में मजदूरी करता है।
उधर बगहा एक प्रखंड के बसवारिया पंचायत के पूर्वी लगुनहा गांव में शनिवार की देर रात्रि अचानक आग लगने से पाँच घर जलकर स्वाहा हो गया। बताया गया है कि बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण पांच घर जल कर राख हो गए है। वही लाखो की संपति भी स्वाहा हो गया है। आगलगी की घटना पर ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। मामले की जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने बताया कि आगलगी में सूर्य गादी, सकीम गादी, पंडित गादी, दिल महम्मद गादी, मांशी गादी के घर जल गए है। घर में रखे कपड़ा, अनाज, आभूषण, नगदी सहित लाखो की संपति जल कर स्वाहा हो गया हैं।
बगहा से माधवेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट