बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

फूस के झोपड़े मे लगी आग से बचने के लिए चौकी के नीचे छिपा छह साल का मासूम, लेकिन....

फूस के झोपड़े मे लगी आग से बचने के लिए चौकी के नीचे छिपा छह साल का मासूम, लेकिन....

PATNA : जिले के कटरा थाना क्षेत्र में एक गांव में फूस के घर में लगी आग से बचने के लिए छह साल का एक मासूम बच्चा  चौकी के नीचे जाकर छिप गया। उसे भरोसा था कि लकड़ी की चौकी उसकी जान बचा लेगी। लेकिन जब आग पर काबू पाया गया तो वहां न तो चौकी था और न ही बच्चा जीवित मिला। मृत बच्चा गांव के संजीत मंडल का पुत्र गोलू कुमार था। 

घटना कटाई पंचायत के उफरौली की बताई जा रही है। पूर्व मुखिया सुरेन्द्र मंडल ने बताया कि मृतक का पिता संजीत मंडल अगलगी से पूर्व खेत की तरफ चले गए थे। घर के बगल में नया मकान बन रहा है। उस मकान की तरफ मां चली गई थी। घर में दो बच्चे ही थे। 

बड़ा भाई जान बचाकर भागा, लेकिन छोटा वहीं फंस गया

अचानक आठ बजे के करीब घर में आग लग गई। आग लगने के बाद बड़ा भाई मोलू कुमार (10) बाहर की तरफ भाग निकला। लेकिन गोलू कुमार (6) डरकर घर में ही चौकी के नीचे छिप गया। आग की लपटें तेजी से पूरे घर में फैल गई। इसके कारण उसे घर से नहीं निकाला जा सका। 

आग लगने के कारणों का पता नहीं

हादसे की सूचना कटरा पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड व आसपास के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोग चूल्हे से निकली चिंगारी तो कुछ शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कह रहे थे। 

परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानेदार ने बताया कि परिजन से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।


Suggested News