बिहार में पकड़ौआ विवाह के बाद अचानक क्यों ट्रेंड करने लगा पकड़ौआ उम्मीदवार, जदयू ने जारी की जनहित में चेतावनी, बताई बड़ी वजह

बिहार में पकड़ौआ विवाह के बाद अचानक क्यों ट्रेंड करने लगा पक

PATNA: लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। एक ओर जहां एनडीए में सीट बंटवारे के साथ ही सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी हो गई है। तो वहीं महागठबंधन में सीट बंटवारा तो काफी मथापच्ची के बाद हो गई है लेकिन उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर अब भी पेंच फंसा हुआ है। महागठबंधन में कांग्रेस को 9 सीट मिली है। इन सीटों में से कांग्रेस ने केवल 3 लोकसभा सीटों के लिए ही प्रत्याशियों की नाम की घोषणा की है। वहीं 6 सीटों पर अब भी उम्मीदवारों को लेकर संशय बना हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस में उम्मीदवारों की कमी के कारण पार्टी उम्मीदवारों का नाम तय नहीं कर पा रही है।

वहीं इस मामले में अब जदयू ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है। जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने काफी अनोखे अंदाज में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नेताओं से अपील की है कि वह कांग्रेस से सावधान रहे नहीं तो उन्हें पकड़कर कांग्रेस के इन सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया जाएगा। दरअसल, बिहार में कांग्रेस को 9 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ना है। कांग्रेस ने भागलपुर से अजीत शर्मा, किशनगंज से सांसद डॉ. मो. जावेद तो वहीं कटिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर पर भरोसा जताया है। तो वहीं 6 सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर अब भी पेंच फंसा हुआ है।

जिसको लेकर जदयू एमएलसी ने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा है कि, "सावधान! पकड़ौआ उम्मीदवार बनने से बचें:। "कुर्ता पैजामा पहनकर पटना साहिब, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, समस्तीपुर, सासाराम और पश्चिमी चंपारण के क्षेत्र में ना जाएं, नहीं तो जंगलराज के नायक राजद सुप्रीमो लालू यादव के यहां पहुंचाकर INCIndia का उम्मीदवार बना दिए जाएंगे"। सतर्क रहें, सावधान रहें।

जदयू एमएलसी ने कुर्ता पैजामा पहनकर कांग्रेस के 6 सीटों पर जाने से मना किया है। उन्होंने कहा है कि अगर कोई कुर्ता पैजामा में दिखेगा तो उसे पकड़कर लालू यादव के आवास पर ले जाकर कांग्रेस का सिंबल दे दिया जाएगा। बता दें कि, लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बचा है ऐसे में सभी उम्मीदवारों के नामाकंन और प्रचार-प्रसार की शुरूआत हो गई है। ऐसे में कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा ना होने से एनडीए के नेता उन पर हमला बोल रहे हैं।