Bihar Cyber Police Raid: 4 थानों की एक साथ रेड से हड़कंप, 45 लाख कैश बरामद, क्या है करेंसी एक्सचेंज का खेल? जानिए पूरा मामला
Bihar Cyber Police Raid: चार थानों की पुलिस और साइबर यूनिट ने मिलकर एक साथ कई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर पूरे इलाके को हिला दिया।..
Bihar Cyber Police Raid: बिहार के मोतिहारी से एक हैरान कर देने वाली बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां पुलिस ने घोड़ासहन शहर में एक साथ कई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर पूरे इलाके को हिला दिया। इस संयुक्त ऑपरेशन में चार थानों की पुलिस और साइबर यूनिट ने मिलकर कार्रवाई की, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
यह कार्रवाई घोड़ासहन के मेन रोड, बाजार रोड और वीरता चौक इलाके में की गई, जहां एक साथ करीब आधा दर्जन दुकानों को खंगाला गया। रेड की शुरुआत “रेडीमेड सेंटर” नामक दुकान से हुई, जहां तलाशी के दौरान नेपाली और भारतीय करेंसी की बड़ी खेप बरामद हुई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 45 लाख रुपये जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक संदिग्ध के घर पर भी दबिश दी गई, जहां से नोटों से भरा बैग बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने कई जरूरी दस्तावेज, बैंक लेनदेन से जुड़े कागजात, क्यूआर कोड स्कैनर और डिजिटल उपकरण भी अपने कब्जे में लिए हैं।
बताया जा रहा है कि मामला भारतीय और नेपाली मुद्रा के अवैध एक्सचेंज रैकेट से जुड़ा हो सकता है, हालांकि कुछ स्थानीय लोग इसे साइबर अपराध नेटवर्क से भी जोड़कर देख रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जिससे मामला और रहस्यमय बन गया है। छापेमारी की भनक लगते ही कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे ऑपरेशन की गंभीरता और बढ़ गई। कार्रवाई के दौरान साइबर डीएसपी अभिनव प्रसाद, इंस्पेक्टर मुमताज अहमद, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय और घोड़ासहन थाना प्रभारी आशीष कुमार समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
देर शाम तक अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही इस अवैध कारोबार के बड़े चेहरे बेनकाब किए जा सकते हैं। फिलहाल इस कार्रवाई ने इलाके के कारोबारियों में खौफ और हलचल दोनों पैदा कर दी है, जबकि पुलिस इसे एक बड़े आर्थिक अपराध नेटवर्क के तौर पर देख रही है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार