बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

HAM का पंच 'प्रण' हुआ पास...राष्ट्रीय अधिवेशन में मांझी की हुंकार- लोस चुनाव में सहयोगी दल से सम्मानजनक सीट पर होगा समझौता

HAM का पंच 'प्रण' हुआ पास...राष्ट्रीय अधिवेशन में मांझी की हुंकार- लोस चुनाव में सहयोगी दल से सम्मानजनक सीट पर होगा समझौता

DELHI: दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में गुरुवार को हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) का राष्ट्रीय अधिवेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। अधिवेशन में लोकसभा चुनाव में पार्टी और गठबंधन दलों की जीत का शंखनाद किया गया। हम पार्टी के उम्मीदवारों सहित बिहार की सभी 40 सीटें एनडीए की झोली में डालने का एलान किया गया। पार्टी के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा है कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। एनडीए के घटक दल के रूप में हमने लोकसभा चुनाव में जाने का निर्णय लिया है। हम पार्टी गठबंधन दलों से सम्मानजनक समझौता करेगी। अपने कोर वोटरों वाले निर्वाचन क्षेत्र पर पार्टी मजबूती से दावा करेगी।

पार्टी की नीव हैं कार्यकर्ता

मांझी ने कहा है कि समय बहुत कम रह गया है। एक-एक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथों पर जुट जाना है। मांझी ने कहा कि पार्टी की ताकत कार्यकर्ता होते हैं। वे नींव की ईंट की तरह हैं। हमारी ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में मेरे खिलाफ अनर्गल टिप्पणी की। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनाया। इससे तीन राज्यों में विपक्षी गठबंधनों की करारी हार हुई। इसी तरह हमें दलितों, शोषितों, वंचितों की आवाज को उठाना है और विपक्षी गठबंधन के अपमान करने वाले मंसूबे को ध्वस्त करना है।

हमारे लिए आजमाइश की घड़ी 

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि यह पार्टी की आजमाइश की घड़ी है। लोकसभा चुनाव में गठबंधन दलों से सम्मानजनक समझौता होगा। मांझी-दलित का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का बिहार समेत देश के अन्य राज्यों में विस्तार हो रहा है। इसमें हम पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता का तन-मन-धन लगा हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। सामने लोकसभा चुनाव है। हम पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव में उतरने जा रही है। साथ ही पार्टी ने अपने आगामी कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिये हैं। डॉ. सुमन ने कहा कि चुनौतियां बड़ी हैं, मगर हम पहाड़ का सीना चीरकर समतल कर देने वाले बाबा दशरथ मांझी के वंशज हैं। चुनौतियों की ऊंचाई नापना हमने नंगे पांव चलकर सीखा है। इसमें हमारे अस्त्र और शस्त्र कार्यकर्ता हैं। इसके दम पर पार्टी ने कई प्रण लिये हैं। अवसर मिलते ही पार्टी इसे पूरा करेगी और इसके लिए लगातार संघर्षरत रहेगी।

अधिवेशन में निम्नलिखित प्रस्ताव पास किये गयेः- - मांझी-दलित, अति पिछड़ों व उपेक्षित सवर्णों का उत्थान.  - पार्टी दशरथ मांझी पेंशन योजना के तहत वृद्ध व विधवाओं को प्रतिदिन 100 रुपये के हिसाब से पेंशन - किसानों को मुफ्त बिजली. - बिहार अनुसूचित जाति एवं जनजाति के हितों की रक्षा - समान शिक्षा नीति के तहत आइएएस से लेकर राजनेता और गरीब के बच्चों को एक बेंच पर पढ़ाने की व्यवस्था. - बिहार की पारंपरिक कृषि को उद्योग का दर्जा दिलाना. - बिहार विधान परिषद में दलितों के लिए अलग निर्वाचन, कृषि, उद्योग एवं पर्यटन को सशक्त कर बिहार को आगे ले जाना.

प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए डॉ. सुमन ने कहा कि हम पार्टी इन प्रण को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के इन कार्यक्रमों और नीतियों को गांव-गांव तक ले जाकर जनता से सहयोग की अपील करना हर कार्यकर्ता का आज से टास्क होगा। चौक-चौराहों, चाय की दुकानों, गांव-दलानों में पार्टी की इन नीतियों को समझाकर और इस पर चर्चा कर जनता से अपने पक्ष में समर्थन की अपील करनी होगी। अधिवेशन की अध्यक्षता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने की। संचालन राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सचिव राजेश पाण्डेय ने किया। नई दिल्ली की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष अदिति शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। 

Suggested News