Bihar Crime: कोरियर से नशे की सप्लाई, बिहार में 1800 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, तस्करों की नई चाल नाकाम

Bihar Crime: शराबबंदी के बाद बिहार में नशे का काला कारोबार नए-नए हथकंडों के साथ पैर पसारने की कोशिश कर रहा है।...

Katihar Drug Racket
कोरियर से नशे की सप्लाई- फोटो : reporter

Bihar Crime: शराबबंदी के बाद बिहार में नशे का काला कारोबार नए-नए हथकंडों के साथ पैर पसारने की कोशिश कर रहा है। लेकिन इस बार पुलिस की मुस्तैदी ने तस्करों की पूरी साजिश पर पानी फेर दिया। कटिहार में कोरियर के जरिए मंगाए गए प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त कर ली गई है।

मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कोरियर सर्विस के माध्यम से भारी मात्रा में नशीला कफ सिरप मंगाया गया है। इत्तिला मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित कोरियर कार्यालय में दबिश दी और जांच-पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान लगभग 180 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप, यानी करीब 1800 बोतलें बरामद की गईं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत सिंह ने बताया कि यह खेप कोडिन युक्त कफ सिरप की थी, जिस पर राज्य में प्रतिबंध है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि जिस नाम से पार्सल भेजा गया था, वह शख्स उसे रिसीव करने के लिए तैयार ही नहीं था। इससे पूरे मामले में साजिश और फर्जी पहचान की बू आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक, तस्करों ने शराबबंदी के बाद बढ़ी डिमांड को भुनाने के लिए यह नया तरीका इख्तियार किया था। मेडिकल दवा की आड़ में नशे का कारोबार फैलाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस अब भेजने वाले और मंगाने वाले दोनों की भूमिका की तफ्तीश कर रही है। साथ ही संबंधित कोरियर एजेंसी की संलिप्तता या लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

बिहार में नशे के खिलाफ जारी जंग के बीच यह कार्रवाई बड़ा संदेश मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल जब्त माल को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए छापेमारी जारी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह