औरंगाबाद में गला दबाकर महिला की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद. जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के बर्छीवीर कॉलोनी में एक 35 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतिका की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के बर्छीवीर कॉलोनी निवासी स्व. संजय भुइयां की पत्नी पियरिया देवी के रूप में की गयी है।

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। परिजनों के अनुसार उक्त महिला गुरुवार की रात्रि अपने घर में सो गयी। सुबह जब उसके बेटे और एक बेटी उसे जगाने का प्रयास किया तो वो नहीं उठी। इसके बाद उनलोगों ने पाया कि, वो मृत पड़ी है। वे लोग चीखने चिल्लाने लगे। इसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गये।

इधर इसकी सूचना मदनपुर थाना को दी गयी। इसके बाद थाना के एस आई सूर्यवंश सिंह, एएस आई शिबराम हेंबराम दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे मे ले लिया। परिजनों ने बताया कि, उसके गले पर निशान है और उसकी हत्या की गयी है। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है, जो भी इस घटना मे शामिल होंगे। उन्हे बख्सा नहीं जाएगा।