बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

होली में पानी का छींटा पड़ने पर मान गए बुरा! हथियारबंद अपराधियों ने दो चचेरे भाई, भतीजा, महिला समेत चार लोगों को गोली मारी, एक की हुई मौत

होली में पानी का छींटा पड़ने पर मान गए बुरा! हथियारबंद अपराधियों ने दो चचेरे भाई, भतीजा, महिला समेत चार लोगों को गोली मारी, एक की हुई मौत

ARA : पिछले कुछ दिनों से भोजपुर जिले में लगातार हत्याएं हो रही है। मंगलवार सुबह भी कुछ ऐसी ही खबरें सामने आई है। यहां होली से एक दिन पहले रंगों की जगह खून की होली खेली गई। चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर गांव में मंगलवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दो चचेरे भाई, भतीजा, महिला समेत चार लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक 38 वर्षीय धनी यादव सलेमपुर गांव निवासी कृष्ण भगवान सिंह के पुत्र और पेशे से किसान थे।

रेफर किए जाने के बाद आरा में ही करा रहे इलाज

घायलों में मृतक का चचेरा भाई और सुरेंद्र सिंह के 16 वर्षीय पुत्र रवि रंजन कुमार, मृतक का भतीजा और लालमोहन सिंह का 16 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर कुमार और ग्रामीण प्रभुनाथ की 55 वर्षीया पत्नी चिंता देवी शामिल है। सदर अस्पताल आरा में प्राथमिक इलाज के बाद एक की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया है। हालांकि, स्वजन पटना नहीं ले जाकर आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। 

गोबर और पानी का छींटा पड़ने को लेकर हुआ विवाद

घटना को लेकर भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सलेमपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच में गोबर और पानी का छींटा पड़ जाने को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के क्रम में दूसरे पड़ोसी ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी, जिसमें एक की मौत हो गई है। वारदात के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। कुछ लोग फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

एक दिन पहले हुआ था झगड़ा

इधर, चांदी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रंजीत यादव ने बताया कि सोमवार की रात जब वे लोग होलिका दहन करने जा रहे थे तो कुछ बच्चे उनपर गोबर और पानी फेंक रहे थे। इसको लेकर उन्होंने मना किया था। इसी बात को लेकर उनके बीच रात में नोकझोंक हुई हुई थी। इसके बाद आरोपित पक्ष द्वारा गाली-गलौज भी किया गया था। गांववाले जमा हो गए थे। माना जा रहा था कि, सोमवार की रात बात खत्म हो गई थी।

सुबह फिर हो गया झगड़ा

मंगलवार की सुबह जब वे सभी दरवाजे पर बैठे हुए थे, तभी आरोपित पक्ष के लोग हाथ में हथियार लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें फायरिंग के दौरान धनी यादव और चचेरे भाई रवि रंजन कुमार को गोली लग गई। धनी यादव के भतीजे चंद्रशेखर कुमार और गांव की चिंता देवी छर्रा लगने से घायल हो गई। सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में ही धनी यादव ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर चांदी थाना प्रभारी पुनम कुमारी भी वहां पहुंच गई।

परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल

घायल चंद्रशेखर कुमार और महिला चिंता देवी का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतक के चचेरे भाई रंजीत यादव ने गांव के ही अमरुधी एवं बबुआ पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। 

मृतक धनी यादव अपने दो भाई और चार बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में मां उर्मिला देवी, पत्नी शैल देवी, दो बेटे विकास, ओम प्रकाश और दो बेटी सुषमा एवं बेबी हैं। इस घटना के बाद मृतक की मां उर्मिला देवी, पत्नी शैल देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Suggested News