India Pakistan War: यूपी से गरजेंगी ब्रह्मोस मिसाइल, भारत-पाक तनाव के बीच ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण यूनिट तैयार

India Pakistan War: यूपी से गरजेंगी ब्रह्मोस मिसाइल, भारत-पा

लखनऊ: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारत ने अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब देश की सबसे आधुनिक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल 'ब्रह्मोस' का निर्माण उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। यह यूनिट लखनऊ के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत 11 मई को शुरू की जाएगी।


इस परियोजना की लागत 300 करोड़ रुपये है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस द्वारा स्थापित इस यूनिट के लिए दिसंबर 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार ने 80 हेक्टेयर भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई थी। महज साढ़े तीन साल में निर्माण कार्य पूरा हुआ और अब यूनिट उत्पादन के लिए तैयार है।


यूपी सरकार की ओर से इस डिफेंस प्रोजेक्ट की निगरानी यूपीडा कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, ब्रह्मोस यूनिट के साथ ही लखनऊ में अन्य रक्षा उपकरणों के निर्माण की योजना भी है। इससे राज्य को डिफेंस सेक्टर में एक नई पहचान मिलेगी।


रोज़गार के नए अवसर

इस यूनिट से करीब 500 इंजीनियरों और तकनीशियनों को सीधा रोजगार मिलेगा। साथ ही कई हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलने की संभावना है। परियोजना से जुड़े अन्य उद्योगों में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।


भारत-रूस संयुक्त उपक्रम

ब्रह्मोस एयरोस्पेस भारत सरकार के DRDO और रूस की NPOM कंपनी का संयुक्त उपक्रम है। इस परियोजना में भारत की 50.5% और रूस की 49.5% हिस्सेदारी है। ब्रह्मोस मिसाइल का नाम भारत की ब्रह्मपुत्र और रूस की मस्कवा नदी के नामों से लिया गया है। लखनऊ में स्थापित हो रही यह यूनिट उत्तर प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर को नई दिशा देगी और राज्य को देश की रक्षा प्रणाली में अहम भूमिका दिलाएगी।