तेजस्वी यादव का बीजेपी और बिहार सरकार पर तीखा हमला: कहा- राज्य में फैली अराजकता, हालात के लिए पीएम मोदी जिम्मेदार

जमुई ने लड़की के साथ हुई छेड़खानी की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया के फेसबुक पर जुमई घटना का वीडियो शेयर करते हुए इसके लिए सीधे तौर पर पीएम को जिम्मेवार ठहराया है....

तेजस्वी यादव का बीजेपी और बिहार सरकार पर तीखा हमला: कहा- राज
तेजस्वी यादव का बीजेपी और बिहार सरकार पर तीखा हमला- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से केंद्र व राज्य की सत्तासीन एनडीए सरकार तथा भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया के फेसबुक पर पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने जमुई की घटना का वीडियों भी शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासनकाल में बिहार के भीतर पूरी तरह से अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के दौर में राज्य के भीतर महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर होने वाले अत्याचारों में अप्रत्याशित रूप से चौगुनी वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार इन गंभीर मामलों पर चुप्पी साधे बैठी है।


महिलाओं को वित्तीय लालच और प्रधानमंत्री के मौन पर सवाल 

अपनी पोस्ट के जरिए तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को 10 हजार रुपये नकद देने और चुनाव के बाद 2 लाख रुपये और देने का लुभावना वादा किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी-बड़ी घोषणाएं और वादे करने वाले प्रधानमंत्री आज राज्य में महिलाओं व आम नागरिकों के खिलाफ घट रही घटनाओं पर पूरी तरह 'मौनी बाबा' बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ हासिल करने के लिए जनता को गुमराह किया गया।


खजाना लुटाकर चार महीने में झोला-बिस्तर उठाने का आरोप 

तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य के वित्तीय प्रबंधन पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार का खजाना लुटाकर और महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का लालच देकर नीतीश कुमार तो महज चार महीने में ही अपना झोला-बिस्तर उठाकर चले गए। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी संसाधनों और खजाने का अनियंत्रित प्रयोग केवल राजनीतिक हित साधने के लिए किया गया, जिससे प्रदेश की आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति पूरी तरह डगमगा गई है।


35 दिनों में 41 हजार करोड़ रुपये बंटवाने और तंत्र-मंत्र के इस्तेमाल का दावा 

विधानसभा चुनाव के दौरान की गई घोषणाओं और बजटीय आवंटन पर सवाल उठाते हुए आरजेडी नेता ने कहा कि चुनाव के अंतिम 35 दिनों में बिहार के ही खजाने से 41 हजार करोड़ रुपये बंटवाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने प्रशासनिक तंत्र और सरकारी यंत्र का खुलकर दुरुपयोग करते हुए चुनाव में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि इस तरह से विजय हासिल कर घमंड में डूबे बीजेपी के शीर्ष नेता राज्य के हितों की अनदेखी कर रहे हैं।


नौसिखिए हाथों में बागडोर देने का आरोप, पीएम को ठहराया जिम्मेदार 

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी के दो शीर्ष नेताओं ने बिहार की प्रशासनिक बागडोर नौसिखिए हाथों में सौंप दी है। उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी नेता राज्य की जनता से किस बात का बदला ले रहे हैं कि बिहार को इस हाल में छोड़ दिया गया है। अपने पोस्ट  के अंत में नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिहार में उत्पन्न हुई इस पूरी अराजक स्थिति और प्रशासनिक विफलता के लिए अकेले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिम्मेदार हैं।


रंजन की रिपोर्ट