Vaishno Devi landslide: वैष्णो देवी लैंडस्लाइड हादसे में मरने वाले 32 लोगों में से 11 लोग यूपी के, देखें पूरी लिस्ट

Vaishno Devi landslide: वैष्णो देवी लैंडस्लाइड हादसे में मरन

लखनऊ: जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर मंगलवार को हुए भूस्खलन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, भारी और लगातार बारिश की वजह से यह हादसा हुआ। इस घटना में कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं।


यूपी के 11 लोगों की मौत

मृतकों में उत्तर प्रदेश के 11 लोग शामिल हैं, जिनमें 7 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, आगरा और मुजफ्फरनगर से 3-3, बरेली से 1 और अन्य जिलों से 4 लोगों की मौत हुई है। आगरा की भावना, सुनीता और सेजल, मुजफ्फरनगर के कार्तिक, अनंत और दीपेश तथा बरेली निवासी नीरा की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा ममता, रामविरी, चांदनी और अंजली की भी मौत हुई है, हालांकि उनका जिला अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


आगरा का परिवार हादसे का शिकार

आगरा का एक परिवार भी इस हादसे में बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रकाबगंज क्षेत्र के रहने वाले अर्जुन सिंह अपने 9 परिजनों के साथ नातिन एंजल का मुंडन संस्कार कराने वैष्णो देवी गए थे। लौटते वक्त भूस्खलन हुआ और परिवार बिखर गया। इस हादसे में बच्ची की दादी सुनीता, 11 माह की बच्ची एंजल और मौसी भावना की मौत हो गई, जबकि अर्जुन सिंह लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है। अन्य परिजनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा भेज दिया गया है।


24 शवों की हुई पहचान

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 34 मृतकों में से 24 की पहचान हो चुकी है। इनमें 14 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र के लोग शामिल हैं। अभी भी 10 शव अज्ञात हैं, जिनमें चार महिलाएं हैं।


सीएम योगी और उपराज्यपाल ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मृतक परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि श्राइन बोर्ड की नीति के अनुसार मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन की ओर से 4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।