UP NEWS: कल घर में आनी थी बारात, आज उसी घर के आंगन में एक ही परिवार की छह लड़कियों की लाशें, दिल को झकझोर देगा मामला!

UP NEWS: कल घर में आनी थी बारात, आज उसी घर के आंगन में एक ही

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। थाना सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथु गांव में यमुना नदी में नहाते समय छह लड़कियां डूब गईं। पहले चार लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान दोपहर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। मरने वाली सभी लड़कियां एक ही परिवार की थीं — इनमें तीन सगी बहनें, एक चचेरी बहन, एक मौसेरी बहन और एक रिश्तेदार शामिल हैं।


नहाने गईं, लेकिन पानी ने निगल लिया

मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे सभी छह किशोरियां यमुना नदी में नहाने के लिए उतरी थीं। जिस जगह वो उतरीं, वहां गहराई का अंदाज़ा नहीं था और सभी एक साथ गहरे पानी में चली गईं। जब लड़कियां डूबने लगीं, तो किनारे बैठी उनकी चाची ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर गोताखोर बुलाए गए और नदी में तलाश शुरू हुई।


चार लड़कियों की मौके पर मौत, दो की अस्पताल में

काफी मशक्कत के बाद चार लड़कियों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो लड़कियों को बचा लिया गया था, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इलाज के दौरान दोपहर में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।


शादी की तैयारी थी, मातम में बदला माहौल

इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। जिन लड़कियों की मौत हुई, उनमें से एक की शादी 5 जून को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में मातम छा गया है। इस दुखद खबर के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।


परिवार में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी गम का माहौल है। हर कोई इस घटना से सदमे में है। एक ही परिवार की छह बेटियों को एक साथ खो देना, किसी भी परिवार के लिए असहनीय है।


हादसे से पहले की वीडियो वायरल

इस दर्दनाक हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सभी लड़कियां नदी किनारे मस्ती करते हुए दिख रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़कियां नहाते हुए रील बना रही थीं, तभी लापरवाही में पानी की तेज धारा उन्हें बहा ले गई।