LATEST NEWS

UP NEWS: जल्द यूपी मंत्रिमंडल का हो सकता है विस्तार, दो से तीन मंत्रियों की होगी छुट्टी

UP NEWS: जल्द यूपी मंत्रिमंडल का हो सकता है विस्तार, दो से तीन मंत्रियों की होगी छुट्टी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले आठ से दस दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इस फेरबदल में तीन से चार नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं, खराब प्रदर्शन और भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर दो से तीन मंत्रियों को हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है। मंत्रिमंडल के फेरबदल में कई मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव हो सकते हैं और 75 साल से ऊपर के नेताओं को आराम दिया जा सकता है।


भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य स्तर से प्राप्त फीडबैक के बाद इस फेरबदल के लिए अपनी योजना तैयार कर ली है। इस बदलाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अधिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य नए चेहरों को शामिल करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश देना भी है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं की जाएगी। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने प्रतिष्ठित मिल्कीपुर सीट सहित 10 में से 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जो पार्टी के लिए एक बड़ी सफलता रही है। इन परिणामों ने भाजपा के भीतर नए मंत्रिमंडल गठन के लिए सकारात्मक माहौल बनाया है।


भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति

इस दौरान भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए भी चर्चा हो रही है, जिसमें ब्राह्मण समाज से किसी वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस बारे में घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले हो सकती है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 27 साल बाद वापसी की है, और अब सभी की नजरें राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति पर हैं।


भाजपा जिलाध्यक्षों की सूची की घोषणा

भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची भी जल्द जारी की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने इस पर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव और महाकुंभ के आयोजन के कारण प्रक्रिया में थोड़ी धीमी गति आई, लेकिन अब जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने में कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान जो भी बिंदु सामने आए थे, उन्हें सुलझा लिया गया है और बहुत जल्द जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी।


भाजपा संगठन के बारे में उन्होंने कहा कि यह सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी है, जिसमें समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व है। पार्टी ने महिलाओं, अनुसूचित जाति और अन्य समाजिक वर्गों के लिए समान अवसर दिए हैं, और भविष्य में भी इस पर ध्यान दिया जाएगा।

Editor's Picks