UP News : वाराणसी में शहर से बाहर शिफ्ट होंगी मीट-मांस की दुकानें, नगर निगम ने पारित किया प्रस्ताव

UP News : वाराणसी शहर के भीतर मीट, मांस और मछली की बिक्री जल्द ही पूरी तरह बंद हो जाएगी। नगर निगम ने ऐसी सभी दुकानों को शहरी सीमा से बाहर स्थानांतरित करने का फैसला किया है।......पढ़िए आगे

UP News : वाराणसी में शहर से बाहर शिफ्ट होंगी मीट-मांस की दु
वाराणसी में नहीं मिलेगी मांस मछली - फोटो : SOCIAL MEDIA

VARANASI : धार्मिक नगरी वाराणसी को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। अब शहर के भीतर रिहायशी इलाकों और गली-मोहल्लों में मीट, मांस और मछली की बिक्री जल्द ही पूरी तरह बंद हो जाएगी। वाराणसी नगर निगम ने शहर के भीतर संचालित होने वाली ऐसी सभी दुकानों को शहरी सीमा से बाहर स्थानांतरित करने का फैसला किया है।

शनिवार को मैदागिन स्थित टाउन हॉल भवन में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम सदन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के चौमुखी विकास, अतिक्रमण मुक्ति और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इसी दौरान शहर के भीतर से मीट-मछली बाजारों को हटाकर उन्हें बाहरी छोर पर व्यवस्थित करने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई।

योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए नगर निगम ने पहले चरण की रूपरेखा भी स्पष्ट कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सदन को अवगत कराया कि इस स्थानांतरण प्रक्रिया के प्रथम चरण के लिए शहर की बाहरी सीमाओं के पास पांच प्रमुख स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। इन स्थानों का चयन इस तरह किया गया है ताकि आम जनता और व्यापारियों को आवागमन में किसी बड़ी असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त के अनुसार, आगामी दिनों में शहर के अलग-अलग मोहल्लों से मीट-मछली की दुकानों को हटाकर रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों में स्थापित किया जाएगा। सदन में यह मुद्दा उठाते हुए पार्षद गुलशन अली ने कहा कि यह प्रस्ताव करीब एक साल पहले भी लाया गया था, लेकिन प्रशासनिक शिथिलता के कारण इस पर अब तक कोई प्रभावी अमल नहीं हो सका था, जिससे व्यापारी और स्थानीय लोग असमंजस में थे।

पार्षद ने मीट व्यवसायियों की आर्थिक पीड़ा को साझा करते हुए कहा कि सावन के महीने में धार्मिक संवेदनशीलता के कारण शहर के भीतर दुकानें बंद रखने का आदेश जारी होता है, जिससे उनका रोजगार बुरी तरह प्रभावित होता है। शहर की सीमा से बाहर दुकानें शिफ्ट होने से यह समस्या भी हमेशा के लिए हल हो जाएगी। इस पर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि जमीन चिह्नित हो चुकी है और जल्द ही इस योजना को धरातल पर उतार दिया जाएगा।