निषाद आरक्षण के लिए मुकेश सहनी का आर-पार का ऐलान: 25 जुलाई से यूपी में निकलेगी 101 दिनों की ‘संकल्प यात्रा’
Mukesh Sahni Politics : वीआईपी के संस्थापक व बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बीजेपी पर निषाद समाज का सिर्फ इस्तेमाल करने का आरोप लगया है। वहीं उन्होंने निषाद आरक्षण की मांग को लेकर यूपी में संकल्प यात्रा निकालने का एलान किया है.....
UP News : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के हक, सम्मान और आरक्षण को लेकर एक बड़े आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। यूपी के गाजीपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वीआईपी प्रमुख ने एलान किया कि आगामी 25 जुलाई से पूरे उत्तर प्रदेश में 101 दिनों की भव्य ‘संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। सहनी ने सीधे तौर पर केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो समाज भाजपा को वोट नहीं देगा।
'हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लेगा समाज, भाजपा ने किया सिर्फ इस्तेमाल'
मुकेश सहनी ने बताया कि इस 101 दिवसीय संकल्प यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में निषाद समाज के लोग हाथ में गंगाजल लेकर भाजपा के खिलाफ संकल्प लेंगे। उन्होंने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने आज तक निषाद समाज को केवल अपने राजनीतिक फायदे और वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया है। समाज को बड़े-बड़े सपने तो दिखाए गए, लेकिन मल्लाह, बिंद और केवट जैसी उपजातियों को आज तक उनका हक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब पूरी तरह जाग चुका है और अपने अधिकारों के लिए यह उसकी निर्णायक लड़ाई होगी।
डॉ. संजय निषाद को नसीहत: या तो आरक्षण दिलाएं या छोड़ें कुर्सी
प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद से भी एक बड़ी अपील की। सहनी ने कहा कि डॉ. संजय निषाद को सरकार के भीतर रहकर भाजपा पर चौतरफा दबाव बनाना चाहिए और हर हाल में समाज को आरक्षण दिलाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि यदि भाजपा अगले छह महीनों के भीतर निषाद समाज को एससी/एसटी (SC/ST) कैटेगरी का आरक्षण नहीं देती है, तो संजय निषाद को तुरंत सत्ता और मलाईदार कुर्सी छोड़कर समाज के इस आंदोलन में कूद जाना चाहिए। यदि वे ऐसा करते हैं, तो वीआईपी पार्टी और इंडिया गठबंधन उनका स्वागत और पूरा समर्थन करेगा।
"एक देश, एक प्रधानमंत्री तो राज्यों में अलग-अलग व्यवस्था क्यों?"
आरक्षण की विसंगतियों पर सवाल उठाते हुए वीआईपी प्रमुख ने कहा कि जब दिल्ली और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में मल्लाह, बिंद और केवट समाज को आरक्षण का लाभ मिल रहा है, तो उत्तर प्रदेश और बिहार में निषाद समाज के साथ यह सौतेला व्यवहार और भेदभाव क्यों किया जा रहा है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब देश का संविधान एक है और देश के प्रधानमंत्री एक हैं, तो अलग-अलग राज्यों में निषादों के लिए अलग-अलग कानूनी व्यवस्था रखना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण और समाज के साथ धोखा है।
इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने और बिहार सरकार पर बोला हमला
मुकेश सहनी ने अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट करते हुए कहा कि वे इंडिया (INDIA) ब्लॉक के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मजबूत करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। सहनी ने आरोप लगाया कि आज बिहार में रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई जा रही है, जहां बड़े उद्योगपतियों के इशारे पर जनविरोधी फैसले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं, गरीबों, किसानों और पिछड़ों की समस्याओं से ध्यान भटकाने वाली भाजपा को देश का युवा आने वाले समय में करारा जवाब देगा।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट