अब वक्त आ गया है, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो: रोहित कुमार सिंह

युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण का समय आ गया है। वहीं उन्होने सपा पर तीखा निशाना साधा है....

अब वक्त आ गया है, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर
रोहित सिंह की बड़ी मांग- फोटो : रोहित

Varanasi : युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा है कि अब वक्त आ गया है जब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान कृष्ण के भव्य मंदिर का निर्माण हो। वाराणसी में दिए अपने बयान के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें सनातन धर्म के प्रति प्रेम जगा है, तो उन्हें मथुरा चलकर मंदिर निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।


राम मंदिर आंदोलन और पूर्ववर्ती बयानों का हवाला देकर सपा को घेरा

रोहित कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मंदिर निर्माण का विरोध समाजवादी पार्टी ने किया और आंदोलन में शामिल कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के संसद में दिए कथित बयान और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल को राज्यसभा भेजने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता की संभावना न दिखने पर अब सपा नेतृत्व को भगवान राम याद आ रहे हैं।


कानून-व्यवस्था और चुनावी समीकरणों पर की टिप्पणी

युवा चेतना के संयोजक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देने का काम समाजवादी पार्टी ने किया, जिसे प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का जनमानस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए खड़ा है और सपा को दोबारा सत्ता में नहीं आने देगा।


6 दिसंबर को अयोध्या जाकर क्षमा मांगने और मथुरा जाने का आह्वान

श्री सिंह ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें भगवान राम से वास्तव में प्रेम है, तो वे 6 दिसंबर को अयोध्या जाएं। उनके अनुसार, अखिलेश यादव को भगवान राम के समक्ष अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगनी चाहिए और वहां से सीधे मथुरा जाकर भगवान कृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए आगे बढ़ना चाहिए।


मिथिला व पूर्वांचल की सियासी हलचल के बीच तेज हुई बयानबाजी

प्रदेश में आगामी सियासी माहौल और विभिन्न मुद्दों पर चल रही बहस के बीच इस तरह के बयानों ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। बयानबाजी के जरिए विभिन्न संगठन और राजनीतिक दल आगामी चुनावों व जनभावनाओं को साधने की कोशिश में जुटे नजर आ रहे हैं।


रोहित की रिपोर्ट