शिक्षा के मंदिर में तड़तड़ाई गोलियां: यूपी कॉलेज के छात्र की हत्या के बाद तोड़फोड़, पीएसी तैनात

वाराणसी के यूपी कॉलेज कैंपस में हुई इस दुस्साहसिक वारदात और उसके बाद उपजे तनाव के बिच फिलहाल पुलिस हालात को संभालने की कोशिश कर रही है, लेकिन छात्रों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है.

शिक्षा के मंदिर में तड़तड़ाई गोलियां: यूपी कॉलेज के छात्र की

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज (UP College) के कैंपस में शुक्रवार को एक छात्र की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को कॉलेज के ही छात्र मंजीत चौहान ने निशाना बनाया। आरोपी ने सूर्य प्रताप पर करीब चार राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली उसके सिर में और दो शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंजीत अपने साथी अनुज के साथ हवाई फायरिंग करता हुआ मौके से फरार हो गया। घायल छात्र को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रिंसिपल के सामने ही चलीं गोलियां

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि हत्या की यह वारदात कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह के सामने ही अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि सूर्य प्रताप और मंजीत के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए प्रिंसिपल ने दोनों पक्षों को अपने पास बुलाया था। बातचीत के दौरान ही दोनों में बहस बढ़ गई और मंजीत ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी मंजीत का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से भी आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

कैंपस में भारी बवाल और तोड़फोड़

छात्र की मौत की खबर फैलते ही पूरा यूपी कॉलेज कैंपस छावनी में तब्दील हो गया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर बवाल और तोड़फोड़ की। देखते ही देखते विरोध की आग कॉलेज के बाहर तक पहुँच गई, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से भोजूबीर मार्केट को भी बंद करा दिया गया। छात्रों के भारी गुस्से और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्र प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिसिया कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

घटना की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे और क्राइम सीन का मुआयना किया। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी ने भागते समय पिस्टल झाड़ियों में फेंक दी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया है, लेकिन कैंपस में अभी भी तनावपूर्ण सन्नाटा और भारी पुलिस पहरा बना हुआ है।