Accident In Bettiah: घना कोहरा बन रहा काल, अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पति की मौत ,पत्नी घायल
बगहा में घने कोहरे के बीच एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Accident In Bettiah: घने कोहरे के कारण बगहा की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं वहीं बेहद कम दृश्यता होने की वजह से कई जगहों पर सड़क दुर्घटनाएं भी हुईं। बगहा में घने कोहरे के बीच एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह घटना बेतिया-गोरखपुर मुख्य सड़क NH 727 पर लौकरिया गोबरहिया के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के एक पति-पत्नी बाइक पर सवार होकर इलाज के लिए जा रहे थे, तभी वे इस सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।
एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे बाइक चालक को टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां SDH के चिकित्सा अधिकारी तारीक नदीम ने जांच के बाद बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सितलापुर निवासी फेकु गुप्ता के 38 वर्षीय पुत्र राम केवट के रूप में हुई है। अनुमंडल अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस बीच, ट्रैक्टर चालक फरार है।
रिपोर्ट- आशिष कुमार