'जनसुराज करा रहा फर्जी मतदान'... बांकीपुर में वोटिंग के बीच भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र, पीके कर रहे खेला
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बीच ही फर्जी मतदान की आशंका पर भाजपा ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा है, जनसुराज पर गंभीर आरोपों का जिक्र करते हुए EPIC और नाम मिलान की मांग गई है.
Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) को पत्र लिखकर फर्जी मतदान की आशंका जताई है। भाजपा की ओर से प्रदेश कार्यालय से भेजे गए पत्र में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान की सख्ती से जांच कराने की मांग की गई है।
पार्टी ने कहा है कि प्रत्येक मतदाता से मूल इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC) प्रस्तुत कराया जाए और मतदान की अनुमति देने से पहले मतदाता के नाम का आधिकारिक मतदाता सूची से अनिवार्य रूप से मिलान किया जाए। भाजपा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जन सुराज से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से कथित तौर पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश कर सकते हैं।
पार्टी का कहना है कि ऐसी गतिविधियां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की भावना के विपरीत हैं। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से सभी पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर पहचान सत्यापन के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। यह पत्र भाजपा प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक की ओर से भेजा गया है।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। इस सीट पर भाजपा ने नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। उपचुनाव को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है और मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 3 अगस्त को होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।