Bihar News : औरंगाबाद में करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ पुलिस ने 4 तस्करों को किया गिरफ्तार, चारपहिया वाहन और बाइक किया जब्त

Bihar News : औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र के बाजार बर्मा गांव के पास से पुलिस ने करोड़ों रुपये की ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Bihar News : औरंगाबाद में करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ पुलि
करोड़ों की ब्राउन शुगर बरामद - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : औरंगाबाद पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'रोको-टोको' अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोह थाना क्षेत्र के बाजार बर्मा गांव के पास से पुलिस ने करोड़ों रुपये की ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से जिले में सूखे नशे की तस्करी में तेजी देखी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में युवा प्रभावित हो रहे हैं। इसी प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सघन जांच और रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यालय डीएसपी-1 विनोद कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस कप्तान के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बाजार बर्मा गांव के समीप यह कार्रवाई की गई। इस दौरान 946 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने तस्करों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक चारपहिया वाहन और एक बाइक को भी जब्त कर लिया है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8500 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दीनानाथ की रिपोर्ट