Bihar News : मोतीहारी में अपराध की योजना बनाते दो बदमाश हथियार के साथ हुए गिरफ्तार, पुलिस ने देसी कट्टा व जिन्दा कारतूस किया बरामद
Bihar News : मोतीहारी पुलिस ने किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
Motihari : मोतीहारी पुलिस ने किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। कुंडवाचैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया, जिनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, कुंडवाचैनपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत वाहन जांच अभियान शुरू किया, जिसके दौरान बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोका गया।
विधिवत तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश कुमार (पिता मोबिल प्रसाद) और राधेश्याम कुमार (पिता मदन साह) के रूप में हुई है, जो पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के गुर मियां मथवा टोला के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में कुंडवाचैनपुर थाना कांड संख्या-364/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन की जा रही है। इस छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में कुंडवाचैनपुर के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अमन कुमार, पु.अ.नि. नवीन कुमार और पु.अ.नि. सनी कुमार पाठक समेत पुलिस बल के अन्य कर्मी शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिमांशु की रिपोर्ट