बिहार के लिए डराने वाली स्थिति ! मानसून का बदल रहा मिजाज, दो साल से बारिश में भारी कमी, इस साल भी 33% कम
बिहार के लिए इस साल का मानसून भी राहत देने वाला नहीं रहा। उपलब्ध मासिक वर्षा आंकड़ों के मुताबिक, जून से सितंबर 2026 के बीच राज्य में करीब 657.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा का आंकड़ा 974.9 मिलीमीटर था। यह औसत से कम बारिश है
Bihar News : बिहार में मानसून की बारिश को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। राज्य में लगातार बारिश की कमी दर्ज की जा रही है। पिछले साल यानी 2025 में सामान्य से करीब 31 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, जबकि 2026 में भी मानसून के दौरान लगभग 33 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। अब 124 वर्षों के बारिश के आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन ने भी बिहार में मानसूनी बारिश के घटते रुझान की पुष्टि की है। अध्ययन के मुताबिक, पिछले तीन दशकों में बिहार और झारखंड में मानसून की बारिश का ट्रेंड कमजोर हुआ है। हालांकि, भारी और बहुत भारी बारिश की घटनाओं की आवृत्ति बढ़ी है।
1901 से 2024 तक के बारिश के आंकड़ों का विश्लेषण करने वाले इस अध्ययन में देश के बदलते वर्षा पैटर्न को सामने रखा गया है। इसमें बताया गया है कि पश्चिमी भारत के पारंपरिक रूप से कम बारिश वाले इलाकों में वर्षा बढ़ रही है, जबकि पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में मानसूनी बारिश में गिरावट का रुझान दिखाई दे रहा है।
दो साल से लगातार कम हो रही बिहार में बारिश
बिहार के लिए इस साल का मानसून भी राहत देने वाला नहीं रहा। उपलब्ध मासिक वर्षा आंकड़ों के मुताबिक, जून से सितंबर 2026 के बीच राज्य में करीब 657.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा का आंकड़ा 974.9 मिलीमीटर था। इस तरह करीब 317.8 मिलीमीटर कम बारिश हुई। यह सामान्य से लगभग 32.6 प्रतिशत कम है।
इससे पहले 2025 में भी बिहार में मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 31 प्रतिशत कम रही थी। वहीं, 2026 में जून में सामान्य से 46.1 प्रतिशत, जुलाई में 41 प्रतिशत और अगस्त में 36.5 प्रतिशत कम बारिश हुई। सितंबर में बारिश की स्थिति में सुधार हुआ और कमी घटकर 4.5 प्रतिशत रह गई। लेकिन शुरुआती तीन महीनों की कमी की भरपाई नहीं हो सकी।
कम बारिश के बीच बढ़ रही भारी बारिश की घटनाएं
अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह भी है कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में मानसूनी बारिश का औसत रुझान घटने के बावजूद भारी और बहुत भारी बारिश की घटनाओं की आवृत्ति बढ़ी है। इसका मतलब है कि बारिश का वितरण असमान होता जा रहा है। कहीं लंबे समय तक सूखे जैसी स्थिति रहती है तो कहीं कम समय में बहुत अधिक बारिश हो जाती है। इससे खेती, जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण की चुनौतियां बढ़ सकती हैं।
खेती और जल प्रबंधन के लिए बढ़ सकती है चुनौती
बिहार की कृषि व्यवस्था काफी हद तक मानसून पर निर्भर है। धान की खेती से लेकर भूजल और जलाशयों में पानी की उपलब्धता तक मानसूनी बारिश की महत्वपूर्ण भूमिका है। लगातार कम बारिश होने से किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त संसाधनों पर निर्भर होना पड़ता है। वहीं, कम बारिश के बावजूद भारी वर्षा की घटनाएं बाढ़ का खतरा पैदा कर सकती हैं। ऐसे में बिहार के सामने चुनौती सिर्फ बारिश की मात्रा बढ़ाने की नहीं, बल्कि उसके समय और वितरण के बदलते पैटर्न से निपटने की भी है।