Ara Crime: आरा में हल्दी समारोह के दौरान फायरिंग: नाच देखने को लेकर भिड़े दो पक्ष, बीच-बचाव कर रहे युवक को लगी गोली

Ara Crime: आरा के बेगमपुर मोहल्ले में हल्दी समारोह के दौरान नाच देखने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। फायरिंग में बीच-बचाव कर रहे 22 वर्षीय राधेश्याम कुमार को गोली लगी। पुलिस तीन संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

Ara Crime

Ara Crime: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में एक हल्दी समारोह के दौरान नाच देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। टाउन थाना क्षेत्र के बेगमपुर मोहल्ले में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान पिटाई से बचकर भाग रहे एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली समारोह में मौजूद 22 वर्षीय युवक राधेश्याम कुमार के बाएं तरफ पंजरी में जा लगी। गोली चलने के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


घायल युवक की पहचान बेगमपुर मोहल्ला निवासी मुन्ना प्रसाद के पुत्र राधेश्याम कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उसके दोस्तों ने आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।


नाच देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर हुई मारपीट


जानकारी के मुताबिक, बेगमपुर मोहल्ले में पिंटू तेली की बेटी का हल्दी समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में नर्तकियों का नाच चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच नाच देखने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के युवकों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इसी दौरान मारपीट में पिटाई से बचकर भाग रहे एक युवक ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली वहां मौजूद राधेश्याम कुमार को लग गई।


बताया जा रहा है कि घटना के समय राधेश्याम गली के किनारे खड़ा था। वह विवाद बढ़ता देखकर बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसी दौरान वह गोली का शिकार हो गया।


सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट और फायरिंग की वारदात


इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में समारोह स्थल पर दो गुटों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान सफेद रंग की जैकेट पहने एक युवक पिटाई के बाद वहां से भागता नजर आता है। कुछ दूर जाने के बाद वह युवक पिस्टल निकालकर फायरिंग करता दिखाई देता है। गोली चलते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच जाती है और लोग इधर-उधर भागने लगते हैं।


फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि फायरिंग के बाद कुछ युवक आरोपित को पकड़ने की कोशिश करते हैं और उसकी पिटाई भी करते हैं। हालांकि, अफरा-तफरी के बीच वह किसी तरह मौके से फरार हो जाता है। पुलिस इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है।


भाई ने बताया- बीच-बचाव करने पहुंचा था राधेश्याम


घायल राधेश्याम कुमार के भाई ने बताया कि मोहल्ले में पिंटू तेली की बेटी का हल्दी समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में नर्तकियों का नाच चल रहा था। इसी दौरान कुछ लड़कों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि जब वे लोग विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर उनके भाई को गोली मार दी। गोली लगते ही राधेश्याम जमीन पर गिर पड़ा।


इसके बाद परिवार और दोस्तों ने उसे स्कूटी से अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। बाद में महावीर टोला के निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई।


तीन संदिग्ध हिरासत में, फायरिंग करने वाले की तलाश


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल का इलाज कराया गया है और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।