राहुल-प्रियंका गांधी पर दर्ज हुआ FIR, अकाशवाणी भवन में घुसने को लेकर पुलिस ने दर्ज किया केस
विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेता बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए। पुलिस ने इस मामले में संसद मार्ग थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेता बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए। पुलिस ने इस मामले में संसद मार्ग थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, INDIA ब्लॉक के करीब 200 सांसदों ने मंगलवार को संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया था। कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में निकला यह मार्च संसद मार्ग पर करीब 700 मीटर आगे बढ़ने के बाद आकाशवाणी भवन के पास पुलिस बैरिकेडिंग के कारण रोक दिया गया।
बताया गया कि इस दौरान राहुल गांधी पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर आकाशवाणी भवन की ओर बढ़ गए। पुलिस द्वारा सांसदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू होने के बीच राहुल गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हो गए। उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड से अंदर जाने की अनुमति देने को कहा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऑल इंडिया रेडियो कार्यालय के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे, लेकिन प्रवेश के लिए इस्तेमाल होने वाला एक छोटा गेट खुला था। राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा समेत अन्य नेता भी परिसर में प्रवेश कर गए। नेताओं ने चुनाव आयुक्त से मुलाकात की मांग की।
इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे और राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं को बाहर आने के लिए समझाने की कोशिश की। हालांकि, विपक्षी नेताओं ने परिसर के अंदर ही धरना शुरू कर दिया। करीब सात घंटे तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
शाम करीब 7 बजे पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें उत्तर-पश्चिमी दिल्ली स्थित किंग्सवे कैंप के न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया। पुलिस ने अब आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।