कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के भतीजे ने पत्नी की हत्या की, फिर खुद को मारी गोली, दो महीने पहले ही हुई थी शादी

कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराज सिंह ने पत्नी को गलती से गोली लगने के बाद खुदकुशी कर ली। दो महीने पहले ही हुई शादी का अंत इस खौफनाक त्रासदी के साथ हुआ।

N4N Desk - गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के परिवार से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। उनके भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने अपनी पत्नी राजेश्वरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यशराज गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में क्लास-1 अधिकारी थे और महज दो महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी।

गलती से चली गोली या कुछ और?

पुलिस जांच के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:45 बजे यशराज ने खुद 108 एंबुलेंस को कॉल कर सूचना दी थी कि उनकी लाइसेंसी पिस्टल से गलती से गोली चल गई है, जो उनकी पत्नी के गले में लगी है। जब मेडिकल टीम मौके पर पहुंची, तो राजेश्वरी मृत पाई गईं। इस हादसे के समय यशराज की मां घर के दूसरे कमरे में मौजूद थीं, जिन्हें घटना का पता एंबुलेंस आने के बाद चला।

मेडिकल टीम के सामने ही खुद को मारी गोली

घटनास्थल पर उस समय हड़कंप मच गया जब मेडिकल टीम राजेश्वरी के शव को एंबुलेंस में रखने के लिए बाहर निकली। इसी दौरान यशराज ने कमरे के अंदर जाकर खुद को गोली मार ली। उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। वस्त्रापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अब इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि गोली वाकई दुर्घटनावश चली थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

खुशहाल था वैवाहिक जीवन, विदेश जाने की थी तैयारी

परिजनों और करीबी दोस्तों के मुताबिक, यशराज और राजेश्वरी अपनी शादी से बेहद खुश थे। घटना वाली रात भी वे एक रिश्तेदार के घर डिनर से लौटे थे। मन्नत पूरी होने पर उन्होंने हाल ही में मंदिर के दर्शन किए थे और अगले महीने विदेश यात्रा पर जाने वाले थे, जिसके लिए वीजा की प्रक्रिया भी चल रही थी। खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है।

शक्तिसिंह गोहिल के परिवार से जुड़ा है मामला

यशराज सिंह गोहिल का परिवार राजनीतिक और शाही पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता है। वे लिम्दा राज्य के दरबार साहिब और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे थे। शक्तिसिंह गोहिल गुजरात की राजनीति का बड़ा चेहरा हैं, जो पांच बार विधायक, राज्य सरकार में मंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद व गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।