India Lockdown: लॉकडाउन पर फुल स्टॉप! पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग में किया साफ, अब क्या होगा अगला कदम?पढ़िए
India Lockdown:प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक में लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों पर खुलकर जवाब दिया।
India Lockdown: नई दिल्ली के सियासी गलियारों में उस वक्त हलचल तेज़ हो गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक में लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने दो टूक अंदाज़ में कहा कि मुल्क में किसी भी तरह का लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है, और इस तरह की ख़बरें महज़ गलतफहमी और अफ़वाहों का नतीजा हैं।
पीएम मोदी ने अपने बयान में टीम इंडिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि वक़्त की नज़ाकत को समझते हुए केंद्र और राज्य सरकारों को एकजुट होकर काम करना होगा। उनका कहना था कि एकता और बेहतर तालमेल ही मुल्क को मौजूदा चुनौतियों से उबार सकता है। उन्होंने यक़ीन जताया कि अगर सभी राज्य मिलकर साझा रणनीति अपनाते हैं, तो हालात पर क़ाबू पाना मुश्किल नहीं होगा।
सरकार की प्राथमिकताओं को खुलासा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता को बरकरार रखना, ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित करना और अवाम के हितों की हिफ़ाज़त करना सबसे अहम एजेंडा है। इसके साथ ही उन्होंने सप्लाई चेन को मज़बूत करने पर ख़ास ज़ोर दिया और राज्यों को हिदायत दी कि जमाखोरी और मुनाफाखोरी जैसे ग़ैरक़ानूनी क्रियान्वयन, ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाए।
कृषि सेक्टर पर बात करते हुए पीएम मोदी ने एडवांस प्लानिंग की अहमियत को रेखांकित किया। उन्होंने उर्वरकों के स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन की निगरानी को मज़बूत करने की बात कही, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही बदलती सूरत-ए-हाल से निपटने के लिए हर स्तर पर मज़बूत कोऑर्डिनेशन की जरूरत पर भी बल दिया।
सीमावर्ती और तटीय राज्यों को लेकर भी प्रधानमंत्री ने ख़ास ध्यान देने की बात कही, ताकि शिपिंग, ज़रूरी सप्लाई और समुद्री ऑपरेशन्स में कोई रुकावट न आए। उन्होंने यह भी आगाह किया कि ग़लत सूचनाओं और अफ़वाहों का बाज़ार गर्म करने वालों के ख़िलाफ़ सख़्ती बरती जाए और अवाम तक सही, सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचाई जाए।
बैठक में मौजूद मुख्यमंत्रियों ने भी केंद्र सरकार के क़दमों की सराहना की और भरोसा दिलाया कि पेट्रोल, डीज़ल और LPG की सप्लाई मुकम्मल तौर पर क़ायम है। उन्होंने इस बात को दोहराया कि केंद्र के साथ मिलकर काम करते हुए हालात को बेहतर ढंग से संभाला जाएगा।