अग्निवीर का दंश झेल रहे युवाओं पर पड़ी दोहरी मार, केंद्रीय बलों में 93 हजार से अधिक पद रह गए खाली, इस्तीफों में भी बढ़ोतरी
बड़े स्तर पर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को CAPF में 93 हजार से ज्यादा रिक्ति रहने के बाद भी भर्ती के लिए इंजतार करना पड़ रहा है क्योंकि बहाली नहीं निकली है
CAPF : भारत में युवाओं को बेरोजगारी का दंश चरम पर है। वहीं अग्निवीर जैसी योजना के कारण सेना में जाने वाले युवाओं को भी चुनौती का सामना करना पड़ है क्योंकि मात्र 4 साल के लिए सैन्य सेवा में जाने से कई युवा कतराते हैं। इन सबके बीच केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती होने की बाट जोह रहे युवाओं के लिए भी चुनौती है क्योंकि वहां 93 हजार से ज्यादा पद रिक्त होने के बाद भी भर्ती नहीं निकल रही है। यह जानकारी खुद मोदी सरकार ने संसद में दी है।
केंद्र सरकार ने संसद में बताया कि देश की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और Assam Rifles में कुल 93,139 पद खाली हैं। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री Nityanand Rai ने संसद में लिखित जवाब के दौरान दी। केंद्र सरकार के अनुसार, सबसे ज्यादा रिक्तियां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हैं, जहां 28,342 पद खाली हैं। इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में 27,400, सीमा सुरक्षा बल (BSF) में 14,531, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में 12,333 और सशस्त्र सीमा बल (SSB) में 6,784 पद खाली हैं। वहीं सबसे कम रिक्तियां असम राइफल्स में 3,749 बताई गई हैं।
नित्यानंद राय ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इनमें कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से हर साल कांस्टेबल भर्ती कराना, विभिन्न रैंकों की भर्ती के लिए नोडल बल तय करना और शारीरिक परीक्षण में रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (RFID) तकनीक का उपयोग शामिल है। सरकार ने यह भी बताया कि CAPF में पिछले कुछ वर्षों में इस्तीफों की संख्या बढ़ी है। वर्ष 2021 में जहां 1,255 कर्मियों ने इस्तीफा दिया था, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 2,333 हो गई, जो करीब 86 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
हालांकि सरकार के अनुसार बलों में आत्महत्या, आपसी हत्या और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के मामलों में कमी दर्ज की गई है। सरकार का कहना है कि खाली पदों को भरने और बलों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए भर्ती और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।