Bihar News : बगहा में आठ दिनों से लापता छात्र का शव पुलिस ने गन्ने के खेत से किया बरामद, दो टुकड़ों में मिला नरकंकाल
Bihar News : बगहा के रामनगर में आठ दिनों से लापता छठी क्लास के छात्र का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। शव दो टुकड़ों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है.......पढ़िए आगे
BAGAHA : बिहार के बगहा के रामनगर से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आठ दिनों से लापता छठी कक्षा के एक छात्र का शव गन्ने के खेत से बरामद किया गया है। शव दो टुकड़ों यानी नरकंकाल के रूप में मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृत छात्र की पहचान मठिया निवासी शिबू खान के रूप में की गई है, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामनगर के गौंद्रा फार्म स्थित हरिनगर चीनी मिल के फार्म वाले गन्ने के खेत में छात्र का शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में जुट गई। छात्र के लापता होने के नौवें दिन शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है और उन्होंने रामनगर पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगहा के पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश कुमार खुद रामनगर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि गन्ने के खेत से नरकंकाल बरामद किया गया है, जिसकी वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि, परिजनों ने मौके से बरामद कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त लापता शिबू के रूप में की है।
पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल यह सवाल बना हुआ है कि छात्र के अपहरण के पीछे किसका हाथ था और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या की गई। पुलिस और एफएसएल टीम की आगे की कार्रवाई पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं।
नागेन्द्र की रिपोर्ट