PM Modi West Bengal Visit:बंगाल के दो दिन के दौरे पर पीएम मोदी, दिखेगा मेगा पॉलिटिकल मिशन, योग के सहारे सियासी जमीन मजबूत करने की बड़ी कवायद

PM Modi West Bengal Visit: विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार बंगाल पहुंच रहे प्रधानमंत्री ऐसे वक्त में राज्य का दौरा कर रहे हैं, जब यहां की राजनीति नए समीकरणों, सत्ता संघर्ष और विपक्षी खेमों में बढ़ती बेचैनी के दौर से गुजर रही है।

गाल के दो दिन के दौरे पर पीएम मोदी- फोटो : social Media

PM Modi West Bengal Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे राज्य की बदलती सियासत के बीच एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार बंगाल पहुंच रहे प्रधानमंत्री ऐसे वक्त में राज्य का दौरा कर रहे हैं, जब यहां की राजनीति नए समीकरणों, सत्ता संघर्ष और विपक्षी खेमों में बढ़ती बेचैनी के दौर से गुजर रही है। ऐसे में यह दौरा विकास, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति का मिला-जुला स्वरूप माना जा रहा है।

दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री हुगली के तारकेश्वर से कई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी कर देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में राशि भेजी जाएगी। बंगाल के लाखों किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। भाजपा इसे किसान हितैषी राजनीति का बड़ा संदेश मान रही है, जबकि विपक्ष इसे आगामी चुनावों की तैयारी से जोड़कर देख रहा है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की भी है कि बंगाल में भाजपा की मजबूत होती स्थिति और तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक चुनौतियों के बीच मोदी का यह दौरा संगठनात्मक ऊर्जा बढ़ाने का भी प्रयास है। चुनावी नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में आए बदलाव ने सत्ता और विपक्ष दोनों की रणनीतियों को प्रभावित किया है। तृणमूल कांग्रेस कई मोर्चों पर दबाव का सामना कर रही है, वहीं भाजपा राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत करने में जुटी हुई है।

प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रमों को सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रखा है। रेलवे, ग्रामीण विकास, कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी परियोजनाओं के जरिए केंद्र सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि बंगाल विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। संकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन समेत कई रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तैयार सड़कों का उद्घाटन भी होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

दौरे का दूसरा बड़ा आकर्षण अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय समारोह है। पहली बार पश्चिम बंगाल को देश के मुख्य योग दिवस कार्यक्रम की मेजबानी मिली है। कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सांस्कृतिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक बता रही है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भी प्रधानमंत्री बड़ा संदेश देने वाले हैं। कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर तीन स्वदेशी युद्धपोतों को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। इससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को नई मजबूती मिलने का दावा किया जा रहा है।प्रधानमंत्री मोदी का यह बंगाल दौरा विकास योजनाओं, किसान कल्याण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को एक मंच पर लाने की कोशिश है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बंगाल की भावी राजनीति की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण पड़ावों में से एक साबित हो सकता है।