BJP-RSS को नहीं है धर्म की समझ... अर्धनारीश्वर शिव-पार्वती की तस्वीर साझा कर राहुल गाँधी का हमला

राहुल गांधी ने लिखा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना अधिक वह समझ रहे हैं, उतना ही उन्हें यह स्पष्ट होता जा रहा है कि भाजपा और आरएसएस के लोगों को इन परंपराओं की कोई समझ नहीं है।

Rahul Gandhi Targets BJP-RSS- फोटो : news4nation

Rahul Gandhi :  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोगों को भारतीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं की गहरी समझ नहीं है। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी मानसिकता वाला बताया।


अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना अधिक वह समझ रहे हैं, उतना ही उन्हें यह स्पष्ट होता जा रहा है कि भाजपा और आरएसएस के लोगों को इन परंपराओं की कोई समझ नहीं है। उन्होंने दोनों संगठनों पर जातिवादी और पुरुषवादी सोच रखने का आरोप भी लगाया। 

 

पोस्ट के साथ साझा की अर्धनारीश्वर की तस्वीर

राहुल गांधी ने इस राजनीतिक टिप्पणी के साथ अर्धनारीश्वर (Ardhanarishvara) की तस्वीर भी साझा की। यह तस्वीर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध एलिफेंटा गुफाओं की बताई गई है। अर्धनारीश्वर भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप का प्रतीक है, जिसमें आधा भाग शिव और आधा भाग शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।


इस स्वरूप को भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में स्त्री और पुरुष के एकत्व तथा दोनों की पूरकता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। राहुल गांधी ने इसी तस्वीर के साथ भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं। उनकी इस पोस्ट को भारतीय धार्मिक परंपराओं, लैंगिक समानता और जातिगत सोच के संदर्भ में भाजपा-आरएसएस पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है।


सोनिया गांधी के गोद में बैठने पर विवाद

राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पिछले दिनों सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के दौरान उनके एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद हुआ था। 16 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के आपसी प्रेम का जिक्र करते हुए कहा था कि घर में हर बार भोजन के समय उनकी मां राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। 


राहुल के इस निजी पारिवारिक प्रसंग पर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए थे और इसकी आलोचना की थी। इसके बाद 22 नवंबर को अर्धनारीश्वर की तस्वीर के साथ राहुल गांधी की नई पोस्ट सामने आई है। इसे पिछले विवाद के बाद भाजपा और आरएसएस की आलोचनाओं के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।