बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का पांचवां जिला सम्मेलन संपन्न, आठवां वेतन आयोग और ठेका प्रथा बंद करने की मांग
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा सुपौल का पांचवां जिला सम्मेलन रविवार, 22 नवंबर 2026 को जिला मंत्री सूर्य नारायण राम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ....
Supaul : बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा सुपौल का पांचवां जिला सम्मेलन रविवार, 22 नवंबर 2026 को जिला मंत्री सूर्य नारायण राम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार, डीडीसी इंद्रवीर कुमार, एडीएम सच्चिदानंद सुमन, एसडीएम मनोहर कुमार साहु और कर्मचारी नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि स्वागत भाषण सीडी सिंह ने दिया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से विमर्श किया गया।
आठवां वेतन आयोग लागू करने व ठेका प्रथा समाप्त करने सहित अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा
सम्मेलन में आठवां वेतन आयोग लागू करने, ठेका प्रथा बंद करने, एनपीएस, पेंशन योजना, छुट्टी और वेतन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के हितों के संरक्षण और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की मजबूती आवश्यक है।
डीएम ने सेवानिवृत्ति लाभों के समय पर भुगतान व युवा भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
जिलाधिकारी सावन कुमार ने कर्मचारियों को कार्यालय संचालन की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि फाइल लंबित रहने से कर्मचारी असंतुष्ट न हों, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संगठन में युवा कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि कर्मचारी इसी समाज का हिस्सा हैं और संघ एकता का प्रतीक है।
डीडीसी, एडीएम व एसडीएम ने रखी अपनी बात, लोकतांत्रिक तरीके से मांग उठाने का सुझाव
डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि अपनी मांगों को संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखा जाना चाहिए। वहीं एडीएम सच्चिदानंद सुमन ने कर्मचारियों को व्यवस्था की रीढ़ बताया और एसडीएम मनोहर कुमार साहु ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर एकजुटता संगठन की मजबूती को दर्शाती है।
महासंघ पदाधिकारियों ने जताया आभार, संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान
जिला मंत्री सूर्य नारायण राम ने सम्मेलन की सफलता के लिए कर्मचारियों के सहयोग और जिलाधिकारी के समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शरद कुमार, प्रदेश महामंत्री सुवेश कुमार, मोहन मुरारी, सुधीर गांधी सहित महासंघ के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विनय की रिपोर्ट