नवादा में भीषण सड़क हादसा : कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, 1 महिला की मौत 3 घायल

नवादा जिले में रफ्तार के कहर ने एक महिला की जान ले ली, जबकि 3 लोग गंभीर रुप से घायल हुए है जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी अभिनव धीमान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना....

नवादा में भीषण सड़क हादसा : कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार,
नवादा में भीषण सड़क हादसा- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा नगर थाना क्षेत्र के हड्डी गोदाम के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


बिहारशरीफ जा रहे थे कार सवार लोग, घायलों में डॉ. राजीव रंजन समेत तीन शामिल

मृतका की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगाई गांव निवासी शैलेश कुमार संजय की पत्नी अनीता चौधरी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में डॉ. राजीव रंजन, माधुरी चौधरी और स्मृति प्रसाद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग कार से बिहारशरीफ जा रहे थे और इसी दौरान हड्डी गोदाम के पास उनकी कार खड़े कंटेनर से पीछे से टकरा गई।


एसपी अभिनव धीमान व एसडीपीओ हुलास कुमार ने लिया जायजा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार और नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


नवादा सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचकर एसपी ने घायलों से की मुलाकात, पूरे मामले की ली जानकारी

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने नवादा सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


परिजनों में पसरा मातम, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे घर में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


अमन की रिपोर्ट