बड़ा हादसा : बरगी डैम में डूबा क्रूज, अब तक 9 लोगों के शव बरामद, करीब 3 दर्जन लोग थे सवार

Bargi Dam cruise tragedy- फोटो : news4nation

 Bargi Dam cruise tragedy : एक भीषण हादसे में क्रूज डूब जाने से 9 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए भीषण नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। शुक्रवार सुबह चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दल ने जलाशय से 5 और शव बरामद किए, जबकि गुरुवार को 4 लोगों के शव मिले थे। राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और लाइफ जैकेट से जुड़े मुद्दों की भी गंभीरता से पड़ताल की जाएगी।



मंत्री ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। यह हादसा गुरुवार शाम अचानक आए तेज तूफान के कारण हुआ, जब 29 यात्रियों और 2 क्रू मेंबर को लेकर जा रही एक क्रूज़ बोट पलट गई। यह डैम नर्मदा नदी पर बना हुआ है। राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा, जिसमें आर्मी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी रहीं।



उन्होंने बताया कि डूबी हुई बोट को बाहर निकालने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन की मदद ली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त तेज हवाओं के कारण पानी में ऊंची लहरें उठ रही थीं। नाव में सवार यात्रियों ने खतरा भांपते हुए क्रू से किनारे लौटने की अपील की, लेकिन उनकी आवाज क्रू तक नहीं पहुंच सकी और नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।



स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए रस्सियों की मदद से कुछ यात्रियों को बाहर निकाला, जिनमें से कई ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। फिलहाल प्रशासन द्वारा लापता लोगों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।